265 किलो मिल्क केक नष्ट

हरीश देवंदा
नीमकाथाना (नवयत्न)। दीपावली के त्योहार पर खाद्य वस्तुओं में मिलावट करने वालों पर लगातार शिकंजा कसता जा रहा है। चिकित्सा विभाग की ओर से नियमित खाद्य वस्तुओं की प्रतिष्ठानों, दुकानों का निरीक्षण कर सैम्पल लिए जा रहे है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त अविचल चतुर्वेदी के निर्देश में प्रदेशभर में शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत नियमित कार्रवाई की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग के जनजागरण से आमजन भी मिलावट करने वालों की सूचना देने में आगे आ रहे हैं। जिला कलेक्टर आशीष मोदी के नेतृत्व में चिकित्सा विभाग एवं कोतवाली पुलिस थाना नीमकाथाना की टीम ने मिलावट की आशंका पर सोमवार देर रात को नीमकाथाना के नयाबास रोड, राजपूत कॉलोनी नीमकाथाना में ओम स्वीट्स का निरीक्षण किया। खाद्य सामग्री में मिलावट की सूचना पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी नंदराम मीणा, सुरेश कुमार शर्मा, शुभम कुमार वर्मा तथा पुलिस उप निरीक्षक विरेंद्र सिंह, सरदारमल ने टीम साथ पहुंचकर ओम स्वीट्स में रखी खाद्य सामग्री का निरीक्षण किया। इस दौरान फैक्टी में खाद्य सामग्री असुरक्षित रखी हुई। गंदगी पसरी हुई थी। साफ सफाई का अभाव पाया गया। काम करने वालों के स्वास्थ्य प्रमाण नहीं बने हुए थे। यहां पर 265 किलोग्राम मिल्क केक को मिलावट की आशंका पर नष्ट करवाया गया। वहीं 187 किलो स्कीम्ड मिल्क पाउडर तथा 90 किलोग्राम रिफाइण्ड सोयाबिन तेल सीज किया। साथ ही कमियां पाए जाने पर फर्म संचालक को सुधार करने के लिए फूड सैफ्टी एक्ट के तहत इम्प्रूमेंट नोटिस दिया गया। इधर खाद्य सुरक्षा अधिकारी फुल सिंह बाजिया, महमूद अली, कमलेश कुमार मीणा, साधना जांगिड़, सुनिता वर्मा, विकेश कुमार मीणा ने सीकर शहर में सोमवार को विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। उन्होंने काजू, बादाम, किशमिश, काजू कतली आदि खाद्य पदार्थो के 11 सैम्पल लिए। सभी सैम्पलों को जांच के लिए खाद्य जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला जयपुर भेजा गया है।

You might also like