रामकृष्ण मिशन के नेत्र शिविर में 47 मरीजों की जांच, 21 का होगा मोतियाबिंद ऑपरेशन

निसं
खेतड़ी (नवयत्न)। कस्बे के स्वामी रामकृष्ण मिशन विवेकानंद स्मृति मंदिर में रविवार को निशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित किया गया। मिशन के सचिव स्वामी आत्मनिष्ठानंद महाराज ने फीता काटकर शिविर का शुभारंभ किया। शिविर में जयपुर के सहाय नेत्र रिसर्च सेंटर के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने 47 रोगियों की जांच की। जांच के बाद 21 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए जयपुर भेजा गया। मिशन सचिव स्वामी आत्मनिष्ठानंद महाराज ने बताया कि रामकृष्ण मिशन की ओर से सामाजिक सरोकार के तहत समय-समय पर निशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाते हैं। ये शिविर गरीब और असहाय लोगों के लिए लाभकारी साबित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सामाजिक सरोकार के क्षेत्र में रामकृष्ण मिशन अपनी अलग पहचान बना रहा है। उन्होंने बताया कि स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को अपनाते हुए महिलाओं को निशुल्क सिलाई सेंटर में प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं बच्चों को कंप्यूटर का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। इसके अलावा गरीब परिवारों को समय-समय पर वस्त्र और अन्य घरेलू सामग्री वितरित की जाती है। मिशन में आने वाले लोगों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान का प्रयास किया जाता है। मिशन के सदस्य स्वामी विवेकानंद के बताए मार्ग पर चलते हुए गरीब और असहाय लोगों की मदद के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। शिविर में स्वामी योगयुक्तानंद महाराज, डॉ. ज्योति, कालीचरण गुप्ता, कृष्ण कुमार, ग्यारसी लाल, सुरेश सैनी, गोपीराम सहित स्वयंसेवकों ने सेवाएं दीं।

You might also like