प्रिंटिंग प्रेस से चोरी की गई 4 हजार एल्यूमिनियम प्लेटें गलाकर बनाई 58 सिल्लियां बरामद

निसं

जयपुर (नवयत्न)। कानोता थाना पुलिस ने हीरावाला इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक प्रिंटिंग प्रेस में हुई करीब 16 लाख रुपये की नकबजनी का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी की गई एल्यूमिनियम प्लेटों को गलाकर तैयार की गई 58 एल्यूमिनियम सिल्लियां, वारदात में प्रयुक्त पिकअप वाहन, भट्टी तथा अन्य उपकरण बरामद किए हैं। मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा ने बताया कि कानोता थाने में परिवादी आनंद शर्मा ने 4 जून को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि हीरावाला इंडस्ट्रियल एरिया स्थित उनकी आधुनिक बुक बाइंडर प्रिंटिंग प्रेस का ताला तोड़कर अज्ञात बदमाश करीब 4 हजार एल्यूमिनियम प्लेटें चोरी कर ले गए। प्रत्येक प्लेट की कीमत लगभग 400 रुपये थी और कुल चोरी की राशि करीब 16 लाख रुपये आंकी गई। आरोपी फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरों की हार्ड डिस्क भी अपने साथ ले गए थे।

मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगभग 50 किलोमीटर के दायरे में लगे 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया। जांच के दौरान एक बिना नंबर की संदिग्ध पिकअप पुलिस के रडार पर आई। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने अनिल शर्मा (24) निवासी शिवदासपुरा को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन जब्त कर लिया।

पूछताछ में आरोपी अनिल ने खुलासा किया कि चोरी की गई एल्यूमिनियम प्लेटें उसने तौफीक उर्फ अया (20) निवासी मदारी कॉलोनी, प्रताप नगर, सांगानेर को बेच दी थीं। पुलिस ने तौफीक को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो सामने आया कि उसने चोरी का माल पहचान छिपाने के लिए गलाकर सिल्लियों में बदल दिया था।

पुलिस ने तौफीक के कब्जे से करीब 400 किलोग्राम वजन की 58 एल्यूमिनियम सिल्लियां, एक भट्टी और धातु गलाने में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए। इसके बाद चोरी का माल खरीदने और ठिकाने लगाने के आरोप में तौफीक को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि 3 जून की रात आरोपी अनिल शर्मा, जितेंद्र उर्फ काला और हेम सिंह पिकअप वाहन लेकर हीरावाला इंडस्ट्रियल एरिया पहुंचे। हेम सिंह को पहले से जानकारी थी कि प्रिंटिंग प्रेस में बड़ी मात्रा में एल्यूमिनियम प्लेटें रखी हुई हैं। तीनों ने फैक्ट्री का ताला तोड़कर करीब 4 हजार प्लेटें पिकअप में भरीं और ग्रामीण रास्तों से होते हुए उन्हें कबाड़ी के गोदाम तक पहुंचा दिया।

पुलिस ने बताया कि मामले में फरार आरोपी जितेंद्र उर्फ काला और हेम सिंह की तलाश की जा रही है। जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का पूर्ण खुलासा किया जाएगा।

You might also like