73 विद्यार्थियों को 12 लाख की स्कॉलरशिप व 8 को मिले मैडल
नवरतन वर्मा
चूरू (नवयत्न ) । स्कॉलरशिप और सम्मान हमें प्रोत्साहित तो करते हुए जिंदगीभर की स्मृतियां प्रदान करते हैं और बाल निकेतन समय – समय पर विभिन्न क्षेत्र की प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनकी स्मृतियों को सुदृढ़ बनाता है। यह विचार पूर्व मंत्री राजकुमार रिणवा ने गुरूवार शाम श्री गांधी बाल निकेतन में आयोजित न्यायमूर्ति डॉ. बी. पी. सराफ स्मृति सम्मान में व्यक्त किए। आयोजित इस समारोह में 73 प्रतिभाओं को स्कॉलरशिप के चैक, रजत पदक व प्रशस्ति पत्र तथा 8 प्रतिभाओं को शिक्षा व खेल सम्मान के अन्तर्गत मैडल, सम्मान पत्र व नगद राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। दीप प्रज्ज्वलन से प्रारंभ हुए कार्यक्रम में पूर्व मंत्री राजकुमार रिणवा, एनडीटीवी के पूर्व रेजीडेंट एडिटर राजन महान, गांधी विद्या मंदिर सरदारशहर के अध्यक्ष हिमांशु दूगड़, वरिष्ठ पत्रकार राजेश असनानी, निकेतन सचिव राजीव उपाध्याय एवं अध्यक्ष घनश्यामचन्द्र सोनी मंचस्थ थे। संस्थाध्यक्ष घनश्यामचन्द्र सोनी ने अतिथियों का माला पहनाकर तथा सचिव राजीव उपाध्याय ने गांधी – नेहरू साहित्य भेंटकर स्वागत किया।इस अवसर पर एनडीटीवी के पूर्व रेजीडेंट एडिटर राजन महान ने कहा कि बाल निकेतन में विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास होता है जो उन्हें समाज और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों से भी अवगत करता है। यहां गांधी के सिद्धांतों से लेकर मोर्डन कम्प्यूटर व म्यूजिक लैब तथा स्मार्ट क्लासरूम हैं जो बच्चों को चरित्रवान बनाते हैं। गांधी विद्या मंदिर सरदारशहर के अध्यक्ष हिमांशु दूगड़ ने कहा कि ज्ञान अखंड है जो केवल सेवा से ही प्रदान किया जा सकता है। आज शिक्षा का व्यवसायीकरण अपने चरम पर है ऐसे में बाल निकेतन जैसे संस्थान ही शिक्षा को असली रूप में प्रदान कर रहे हैं। वरिष्ठ पत्रकार राजेश असनानी ने अपने उद्बोधन में कहा कि बदलते दौर में चुनौतियों से निपटने के लिए हमें विवेकशील होकर अपनी नींव मजबूत करने की आवश्यकता है और निकेतन जैसे संस्थान नींव बनाते हैं। समारोह में कक्षा 10 बोर्ड परीक्षा में विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली योगिता व मानसी शर्मा को न्यायमूर्ति डॉ. बी. पी. सराफ शिक्षा सम्मान, राष्ट्रीय स्तरीय ताईक्वांडों प्रतियोगिता में चयनित रिया प्रजापत व मानसी प्रजापत, बैडमिंटन की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में विजेता भास्कर स्वामी व खुशाल जांगिड़, टेबल टेनिस की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में विजेता तविशा सांकृत्य तथा उपविजेता लावण्या कौशिक को न्यायमूर्ति डॉ. बी. पी. सराफ खेल सम्मान के तहत सम्मान पत्र, मैडल व 3100 रूपये नगद प्रदान कर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में सैंकड़ों की संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक, स्टाफ सदस्य सहित गणमान्य नागरिकगण उपस्थित थे। संचालन कुलदीप व्यास ने किया।