एरिया डोमिनेशन अभियान में 84 आरोपी गिरफ्तार
निसं
जयपुर (नवयत्न)। आगामी पंचायत चुनाव के मद्देनजर जयपुर कमिश्नरेट की दक्षिण जिला पुलिस ने विशेष एरिया डोमिनेशन अभियान चलाकर 84 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस उपायुक्त दक्षिण राजर्षि राज के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान अवैध शराब, मादक पदार्थ, चोरी के वाहन और जुआ-सट्टे से जुड़े मामलों में कार्रवाई की गई। पुलिस ने 12 नए प्रकरण दर्ज किए। डीसीपी राजर्षि राज ने बताया कि पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर एडीसीपी दक्षिण ललित शर्मा के सुपरविजन में सहायक पुलिस आयुक्तों, थानाधिकारियों, जिला विशेष टीम और साइबर सेल की टीमों ने कार्रवाई की। गिरफ्तार 84 आरोपियों में 41 वांछित आरोपी शामिल हैं, जबकि 43 लोगों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत शांति भंग की आशंका में कार्रवाई की गई। वहीं दर्ज 12 प्रकरणों में आबकारी अधिनियम के छह, एनडीपीएस एक्ट का एक और अन्य अधिनियमों के तहत पांच मामले शामिल हैं। आबकारी अधिनियम के तहत ज्योतिनगर, पत्रकार कॉलोनी, शिप्रापथ, मानसरोवर, नारायण विहार और सांगानेर सदर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 189 लीटर अवैध हथकड़ शराब और 127 पव्वे बरामद किए। इस मामले में रेखा देवी, चिंटू सांसी, रवि आर्य निवासी शिवपुरी, मध्यप्रदेश, रवि सांसी निवासी धौलपुर और कौशल सांसी को गिरफ्तार किया गया। वहीं चाकसू थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट और भारतीय न्याय संहिता के तहत कार्रवाई करते हुए अगामी सांसी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 60 ग्राम स्मैक बरामद की गई। इसके अलावा चाकसू थाना पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे पांच हजार रुपए के इनामी मांगीलाल बैरवा को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज था। सोडाला थाना पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ तनवीर खान को गिरफ्तार किया। एक अन्य मामले में नीरज खंडेलवाल को भी गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि उसने पिता की दुकान को उनकी जानकारी के बिना किराए पर देकर 24 हजार रुपए हड़प लिए। सार्वजनिक स्थानों पर जुआ-सट्टा खेलने वालों के खिलाफ अशोकनगर और शिप्रापथ थाना पुलिस ने कार्रवाई की। इस दौरान इंतियाज, अयूब, इरफान, कमलराय और कन्हैयालाल को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने सट्टे की राशि जब्त कर संबंधित मामले दर्ज किए। पंचायत चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए श्यामनगर थाना पुलिस ने आदतन अपराधियों नरेश सिंह राजावत, रवि रंजन, जयप्रकाश वर्मा और ललित जांगिड़ के खिलाफ के तहत निवारक कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार अभियान का उद्देश्य चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना है।