वार्ड संख्या 36 में मोबाइल टावर लगाने का किया विरोध

नवरतन वर्मा

रतनगढ़ (नवयत्न ) । शहर के वार्ड संख्या 36 में एक निजी इंटरनेट कंपनी द्वारा मोबाइल टावर लगाए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मोहल्ले वासियों ने कंपनी पर तानाशाही और जबरन टावर लगाने का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया। पूर्व पार्षद राधेश्याम बबेरवाल का कहना है कि कंपनी द्वारा उनकी आपत्तियों को दरकिनार कर टावर का निर्माण कार्य शुरू किया गया है। विरोध बढ़ता देख दोनों पक्षों को पुलिस थाने बुलाया गया है, जहाँ कंपनी के दस्तावेज़ों और अनापत्ति प्रमाण पत्र की जांच की जाएगी।
मोहल्ले वासियों ने तर्क दिया है कि जिस स्थान पर टावर लगाया जा रहा है, उसके पास ही एक छात्रावास है जहाँ बड़ी संख्या में छात्र रहते हैं। इसके अलावा पास में ही मंदिर और रिहायशी इलाका है। स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है कि मोहल्ले में कई ऐसे मरीज़ हैं जो सांस की बीमारी से ग्रसित हैं, मोबाइल टावर से होने वाले विकिरण उनके स्वास्थ्य के लिए घातक सिद्ध हो सकते हैं।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस टावर को आबादी क्षेत्र से हटाकर किसी अन्य स्थान पर शिफ्ट किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

You might also like