विकास समिति की हुई बैठक, 22 मई को पूर्व विधायक मालाराम गुर्जर की 39वीं पुण्य तिथि मनाने का लिया निर्णय
निसं
खेतड़ी नगर (नवयत्न) । खेतड़ी के पूर्व विधायक स्वर्गीय मालाराम गुर्जर की 39वीं पुण्यतिथि को लेकर सोमवार को मालाराम विकास समिति की बैठक कोलिहान नगर में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता पूर्व विधायक दाताराम गुर्जर ने की। बैठक में 22 मई को भोपालगढ़ रोड स्थित सामुदायिक भवन में श्रद्धांजलि सभा एवं गौ सवामणी कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। पूर्व विधायक दाताराम गुर्जर ने बताया कि स्वर्गीय मालाराम गुर्जर ने हमेशा क्षेत्र के विकास, किसानों और आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि मालाराम गुर्जर जनसेवा के प्रति समर्पित नेता थे, जिन्होंने अपने कार्यकाल में ग्रामीण क्षेत्र के विकास के लिए अनेक कार्य करवाए। उनका जीवन समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। दाताराम गुर्जर ने बताया कि पुण्यतिथि के अवसर पर विभिन्न गौशालाओं में भी गौ सवामणी करवाई जाएगी। बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर चर्चा करते हुए विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इस दौरान दुलीचंद, विश्वनाथ, रामेश्वरलाल, भरताराम, रामनिवास, मालाराम, दौलतराम, शंकर बलीवा, श्योचंद सहित कई लोग मौजूद थे।