ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में बंद रहे मेडिकल, मरीजों को उठानी पड़ी परेशानी
गजेंद्र सिंह
सरदारशहर (नवयत्न) । ऑल इंडिया केमिस्ट्स एसोसिएशन के आह्वान पर बुधवार को सरदारशहर में मेडिकल संचालकों ने ऑनलाइन दवा बिक्री और कॉरपोरेट कंपनियों द्वारा भारी डिस्काउंट के विरोध में अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान मेडिकल संचालकों ने सरदारशहर तहसीलदार कार्यालय में विरोध प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा ज्ञापन ।
मेडिकल एसोसिएशन संघ के सदस्य राजेंद्र पारीक व नरेद्र सिंह राजपुरोहित ने बताया कि देशभर में केमिस्ट्स द्वारा एकजुट होकर ऑनलाइन दवा बिक्री पर रोक लगाने, कॉरपोरेट कंपनियों द्वारा दिए जा रहे भारी डिस्काउंट को बंद करने तथा नकली दवाइयों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हड़ताल की गई है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लेती है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
हड़ताल का असर सरदारशहर उप जिला अस्पताल में भी देखने को मिला। अस्पताल में कुछ आवश्यक दवाइयां उपलब्ध नहीं होने के कारण मरीजों को बाहर से दवा लेने में दिक्कत हुई। मेडिकल बंद होने से कई मरीजों को निराश होकर वापस लौटना पड़ा, जबकि दूर-दराज ग्रामीण क्षेत्रों से आए मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ी।
मरीजों और उनके परिजनों ने बताया कि अचानक मेडिकल बंद होने से जरूरी दवाइयां नहीं मिल पाई, जिससे इलाज प्रभावित हुआ। वहीं मेडिकल संचालकों का कहना है कि ऑनलाइन दवा कंपनियों और बड़े कॉरपोरेट्स के कारण छोटे व्यापारियों का व्यवसाय प्रभावित हो रहा है, इसलिए यह आंदोलन मजबूरी में किया जा रहा है। शहरभर में दिनभर मेडिकल प्रतिष्ठान बंद रहने से दवा बाजार पूरी तरह प्रभावित रहा। इस मौके पर मेडिकल एसोसिएशन संघ के अध्यक्ष नरपत नरेंद्र राजपुरोहित, दयाराम सुथार, कन्हैयालाल सैनी, प्रकाश सोनी,रामाअवतार सोनी,सुरेश पारीक,मोनू वर्मा, रामावतार बोहरा, दीपक शर्मा,अक्तर अली सहित बड़ी संख्या में मेडिकल संचालक मौजूद रहे।