आसमान से बरस रही आग, गर्म हवाओं ने बढ़ाई लोगों की परेशानी

गजेंद्र सिंह
सरदारशहर (नवयत्न) । क्षेत्र में भीषण गर्मी का दौर लगातार जारी है। तेज धूप और गर्म हवाओं ने आमजन का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। बुधवार को चूरू का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जिससे दोपहर के समय सड़कें और बाजार सूने नजर आए। सुबह से ही सूर्य की तपिश इतनी तेज रही कि लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया।
गर्मी बढ़ने के साथ ही लू के थपेड़ों ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। दोपहर के समय चल रही गर्म हवाओं के कारण लोगों को राहत नहीं मिल पा रही। खासकर बुजुर्ग, बच्चे और दिहाड़ी मजदूर सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। बाजारों में भी सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ दिखाई दी। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।
तेज गर्मी के कारण बिजली और पानी की मांग भी लगातार बढ़ रही है। कई इलाकों में लोग पानी की किल्लत और बार-बार बिजली कटौती से परेशान नजर आए। चिकित्सकों ने भी लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने, अधिक से अधिक पानी पीने और हल्के भोजन का सेवन करने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे लोगों को फिलहाल भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा।

You might also like