सुबह 5 बजे दुकान से गुटका, तंबाकू निकालते हुए गुटखा व्यापारी सहित मुनीम हुआ गिरफ्तार

करीब 1 महीने पहले भी इसी व्यापारी पर हुआ था लोकडाउन, कालाबाजारी, सोशल डिस्टेंस का मुकदमा

नीमकाथाना,(हरीश देवन्दा)12 मई। शहर के कोतवाली थाना अंतर्गत पोस्ट ऑफिस के पास स्थित दुकान से अल सुबह गुटखा, बीड़ी, तंबाकू निकालते हुए व्यापारी एवं मुनीम को कोतवाली पुलिस द्वारा गिरफ्तार करने का मामला सामने आया है।

कोतवाल करण सिंह खंगारोत ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस उपाधीक्षक के निर्देशानुसार रात्रि गस्त की जा रही थी। उसी दौरान अलसुबह करीब 5 बजे एक मोटरसाइकिल पर दो लोग पोस्ट ऑफिस वाली गली में शक होने पर मौके पर 2 जवानों को भेजा तो दो लोग सुरेश एंड कंपनी की दुकान से सामान निकाल रहे थे। सुरेश कुमार पुत्र राम किशोर महाजन व सचिन उर्फ महेंद्र पुत्र मोहन कुमावत मोटरसाइकिल पर सामान ले जा रहे थे तभी तलाशी लेने पर 7 पैकेट दिलबाग, 23 अंकुर गुटखा, 18 पैकेट एके प्लस तंबाकू, 85 पैकेट तुलसी, 43 पैकेट डिलक्स बीड़ी, 30 पैकेट 502 बीड़ी मौके पर जब्त की है। वहीं पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 186, 269, 270 आईपीसी व 9/11 धूम्रपान अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। कोतवाल ने बताया कि शहर में गुटके-तंबाकू की कालाबाजारी करने वाले व्यापारियों पर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

गौरतलब है कि विगत दिनों सुरेश कुमार व सुभाष कुमार सहित अन्य के खिलाफ गुटखा तंबाकू की कालाबाजारी, सोशल डिस्टेंस व लोकडाउन की पालना नहीं करने पर मामला दर्ज करवाया गया था। लेकिन मामला दर्ज होने के बाद भी यह व्यापारी कालाबाजारी करता हुआ पाया गया।

You might also like