पुलिस कार्रवाई: नमकीन की आड़ में टैंपो से चार लाख का तम्बाकू-गुटखा जब्त
आरोपी गिरफ्तार
चूरू,(पीयूष शर्मा)12 मई। पुलिस ने मंगलवार को गाजसर तिराहे के पास नाकाबंदी के दौरान कुरकुरे-नमकीन के कट्टों के नीचे अवैध रूप से भरकर लाया गया करीब चार लाख रुपए कीमत का तम्बाकू-गुटखा जब्त किया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी से तीन प्लास्टिक के कट्टों में करीब चार लाख रुपए के कुल आठ हजार 320 पाऊच दिलबाग व वाहन जब्त किया गया। एसपी तेजस्वनी गौतम के आदेशानुसार पुलिस उप अधीक्षक सुखविंद्रपालसिंह के निर्देशन में कोरोना वायरस वैश्विक महामारी के मध्यनजर सदर थानाधिकारी रामनारायण चॉयल के नेतृत्व में गाजसर तिराहा पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की गई। इस दौरान एक लोडिंग टैंपो को रोककर जांच की गई तो नमकीन व कुरकुरे के नीचे छुपाकर अवैध रूप से लाए गए तम्बाकू गुटखा के आठ हजार 320 पाउच दिलबाग के मिले। पुलिस ने गांव घंटेल निवासी आरोपी वाहन चालक बेगराज को गिरफ्तार कर लिया।