प्रगणक से मारपीट का मामले को लेकर शिक्षकों ने जताया रोष
सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न)। राष्ट्रीय महत्व के कार्यों में जान जोखिम में डालकर सेवाएं देने वाले शिक्षकों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। रायसिंहनगर में जनगणना ड्यूटी के दौरान एक प्रगणक (शिक्षक) के साथ हुई मारपीट और अभद्र व्यवहार के विरोध में शिक्षक समुदाय का गुस्सा फूट पड़ा। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (विद्यालय शिक्षा) खंड-तारानगर के बैनर तले शिक्षकों ने मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री के नाम तारानगर उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है।
महासंघ ने दो टूक चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो शिक्षक कार्य का पूर्ण बहिष्कार करेंगे। ज्ञापन में महासंघ के पदाधिकारियों ने बताया कि हाल ही में रायसिंहनगर में राष्ट्रीय कार्य ‘जनगणना’ के दौरान कार्यरत प्रगणक (शिक्षक) सुरेंद्र कुमार के साथ कुछ असामाजिक तत्वों ने न केवल अभद्र व्यवहार किया, बल्कि उनके साथ बेरहमी से मारपीट भी की। संगठन ने आक्रोश जताते हुए कहा कि शिक्षक सदैव राष्ट्र निर्माण, चुनाव और जनगणना जैसे शासकीय कार्यों में निष्ठा से सहयोग करते हैं।
ऐसे में कार्यस्थल पर उनके साथ होने वाली ऐसी हिंसक घटनाएं अत्यंत चिंताजनक हैं और इससे पूरे शिक्षक समुदाय की मानसिक स्थिति और सम्मान को गहरी ठेस पहुंची है। संघ ने घटना के सभी दोषियों को तुरंत चिह्नित कर उनके खिलाफ सख्त और गैर-जमानती धाराओं के तहत दंडात्मक कार्रवाई करने, भविष्य में जनगणना या किसी भी फील्ड ड्यूटी पर तैनात प्रगणकों और शिक्षकों को प्रशासन की ओर से पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है।
संघ ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने इस मामले में तुरंत सख्त कदम नहीं उठाए, तो शिक्षक समुदाय कार्य बहिष्कार जैसे कड़े कदम उठाने पर मजबूर होगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस मौके पर संघ अध्यक्ष जयप्रकाश शर्मा, राजेंद्र किरोड़ीवाल, जयसिंह कस्वा, दिलीप कस्वा, अविनाश गोदारा, अमरेंद्र सैनी, नरेंद्र भाटी एवं प्रभुराम घेऊवा आदि अनेक शिक्षक उपस्थित रहे।