जल है तो कल है, आने वाली पीढ़ी के लिए इसकी हर बून्द बचाना जरूरी- राठौड़

वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान के तहत तारानगर के नेचर पार्क में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन 

सुभाष वर्मा 

तारानगर (नवयत्न)। कस्बे के नेचर पार्क में वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान के तहत गुरुवार को पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के मुख्यातिथि में व एसडीएम प्रियंका कड़ेला की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि जल है तो कल है, हमे आने वाली पीढ़ी के लिए इसकी हर बून्द बचाना जरूरी है इसलिए वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान को हमे मिलकर जन अभियान बनाना होगा तभी सरकार का जल संरक्षण का यह अभियान सफल होगा। राठौड़ ने कहा कि पानी की कमी से अकेले सरकारी प्रयासों से नहीं लड़ा जा सकता। हर नागरिक को इसे अपना सामाजिक और नैतिक कर्तव्य मानकर दैनिक जीवन में पानी की मितव्यता और हर बूंद को बचाना बेहद जरूरी है। लोग वर्षा जल संचयन और पानी के सही उपयोग को अपनी दिनचर्या और जीवनशैली का हिस्सा बनाएं। यदि समाज सामूहिक रूप से एकजुट होकर जल संरक्षण की दिशा में कार्य करेगा, तो भविष्य में आने वाले किसी भी जल संकट से प्रभावी ढंग से निपटा जा सकेगा। राठौड़ ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ती जल समस्या हम सभी के लिए चिंता का विषय है। यदि हम आज जल संरक्षण के प्रति जागरूक नहीं हुए, तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर संकट का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह जल की एक-एक बूंद का महत्व समझे और उसके संरक्षण का संकल्प ले। समाज और सरकार मिलकर कार्य करेंगे तभी हम जल का संरक्षण कर पाएंगे।

वंदे गंगा जल सरंक्षण अभियान के जिला समन्वयक एवं कार्यक्रम आयोजक भाजपा नेता राकेश जांगिड़ ने कहा कि राजस्थान के यशस्वी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में चलाया जा रहा वंदे गंगा जल संरक्षण जन-अभियान समाज में नई जागरूकता का संचार कर रहा है। मुख्यमंत्री ने जल संरक्षण को केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि जन-जन का आंदोलन बनाने का कार्य किया है। अभियान के तहत प्रदेश में जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, जल स्रोतों के पुनर्जीवन तथा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रयास किए जा रहे हैं। चूरू विधायक हरलाल सहारण ने कहा कि हम सभी का दायित्व है कि मुख्यमंत्री जी के इस अभियान को घर-घर तक पहुंचाएं और जल संरक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएँ। जब समाज और सरकार साथ मिलकर कार्य करते हैं, तब बड़े से बड़ा लक्ष्य भी प्राप्त किया जा सकता है। अभियान के संभाग संयोजक वासुदेव चावला ने कहा कि हमें वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देना होगा। जब समाज और सरकार मिलकर कार्य करेंगे, तभी जल संरक्षण का यह अभियान सफल होगा। जिलाध्यक्ष बसंत शर्मा व पद्मभूषण देवेंद्र झाझङिया ने सभी को जल संरक्षण का संकल्प लेने व सरकार के इस जन अभियान में अधिकाधिक भागीरदारी निभाकर इसको सफल बनाने की बात कही। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपखण्ड अधिकारी प्रियंका कड़ेला ने की। संचालन वीरबहादुर राठौड़ व भागचंद किरोड़ीवाल ने किया। कार्यक्रम में पूर्व नेता प्रतिपक्ष राठौड़ व अतिथियों ने वन विभाग के सौजन्य से नेचर पार्क में पौधरोपण किया व लोगों को तुलसी के पौधे वितरित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में भाजपा नेता महावीर पूनिया, चन्द्राराम गुरी, जमरदीन तेली, अजीत राठौड़, अनूप खंडेलवाल, नरेश सहारण, भंवरलाल दादरवाल, भंवरलाल पूनिया, सीताराम लुगरिया, राकेश शर्मा, धर्मवीर राठौड़, बीडीओ छगनलाल छिम्पा, रेंजर सुरेंद्रसिंह, फोरेस्टर सुनील बागड़ी, ईओ अजयप्रतापसिंह, एक्सईन राजेश जांगिड़, सीबीईओ बबलेश शर्मा, पीएमओ डॉ देवीलाल जोशी सहित सैंकड़ों लोग मौजूद थे।

You might also like