यातायात नियम तोड़ने वालों पर पुलिस का शिकंजा: 8 दिन में 70 हजार से अधिक चालान

डी. के.सैनी
जयपुर (नवयत्न)। राजस्थान में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत राज्य पुलिस और यातायात पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की है। महज आठ दिनों में 70,735 वाहनों के विरुद्ध प्रवर्तन कार्रवाई करते हुए ब्लैक फिल्म, फर्जी नंबर प्लेट, अवैध मॉडिफिकेशन, प्रेशर हॉर्न तथा अनाधिकृत लाल-नीली बत्तियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए हैं।
पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देश, महानिदेशक पुलिस प्रशिक्षण एवं यातायात अनिल पालीवाल तथा अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (यातायात) डॉ. बी.एल. मीना के पर्यवेक्षण में यह राज्यव्यापी विशेष अभियान 1 जून से 30 जून 2026 तक संचालित किया जा रहा है।
तिरिक्त महानिदेशक पुलिस (यातायात) डॉ. बी.एल. मीना ने बताया कि इस अभियान के तहत 11 जून को ही 10,858 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनमें 4,119 वाहनों पर ब्लैक फिल्म, 2,716 मामलों में नियम विरुद्ध नंबर प्लेट एवं पंजीयन चिन्ह, 1,570 वाहनों पर अनाधिकृत शब्द, चिन्ह एवं लेखन, 1,088 मामलों में अवैध बॉडी या चेसिस परिवर्तन, 746 वाहनों पर अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर अथवा हूटर तथा 619 मामलों में प्रेशर एवं एयर हॉर्न के खिलाफ कार्रवाई की गई।
4 जून से 11 जून तक की कार्रवाई में सबसे अधिक उल्लंघन ब्लैक फिल्म और फर्जी नंबर प्लेट के पाए गए। इस अवधि में 27,451 वाहनों पर ब्लैक फिल्म, 18,212 मामलों में नियम विरुद्ध नंबर प्लेट, 9,734 मामलों में अनाधिकृत शब्द, चिन्ह एवं लेखन, 6,790 अवैध मॉडिफिकेशन, 4,790 अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती एवं हूटर तथा 3,758 मामलों में प्रेशर हॉर्न के खिलाफ कार्रवाई की गई।
अभियान की शुरुआत 4 जून को 4,716 कार्रवाइयों से हुई थी, जो लगातार बढ़ते हुए 9 जून को 10,825 और 11 जून को 10,858 तक पहुंच गई। इससे स्पष्ट है कि जिला पुलिस और यातायात इकाइयों ने सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ अभियान को और तेज कर दिया है।
महानिदेशक प्रशिक्षण एवं यातायात अनिल पालीवाल ने कहा कि अवैध मॉडिफिकेशन, ब्लैक फिल्म, प्रेशर हॉर्न और फर्जी नंबर प्लेट न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि सड़क सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा हैं। उन्होंने कहा कि अभियान पूरे जून माह तक जारी रहेगा और नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि सड़क पर स्टाइल से अधिक सुरक्षा महत्वपूर्ण है और यातायात नियमों का पालन सभी वाहन चालकों की जिम्मेदारी है।
You might also like