पटाखा फैक्ट्री अग्निकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
निसं
जयपुर (नवयत्न)। खोह नागोरियान थाना क्षेत्र में 9 जून को अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण अग्निकांड के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी कयूम खान (50) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से घटना में शामिल अन्य व्यक्तियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। साथ ही अवैध पटाखा निर्माण एवं भंडारण से जुड़े अन्य मामलों में भी जांच जारी है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर (पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि 9 जून 2026 को खोह नागोरियान थाना क्षेत्र के करीम नगर-बी तलाई स्थित एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लगने की घटना हुई थी। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई थी। इस संबंध में खोह नागोरियान थाने में मामला दर्ज किया गया था। वही घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंघल के निर्देशन तथा सहायक पुलिस आयुक्त मालवीय नगर विनोद शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। खोह नागोरियान थाना प्रभारी प्रकाशराम तथा डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की।
दिल्ली, गाजियाबाद और जयपुर में दी दबिश
जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपियों कयूम खान, याकूब खान और फिरोज की पहचान की। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस टीमों ने उनके संभावित ठिकानों पर दिल्ली, गाजियाबाद और जयपुर में लगातार दबिश दी। तकनीकी एवं पारंपरिक पुलिसिंग के जरिए आखिरकार मुख्य आरोपी कयूम खान पुत्र नजीर, निवासी राक्स्या की ढाणी, खोह नागोरियान को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ के आधार पर अन्य संलिप्त व्यक्तियों की तलाश जारी है।
डोर-टू-डोर सर्वे में मिला नकली पनीर
घटना के बाद क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान भी चलाया गया। करीब 30 पुलिसकर्मियों की टीम ने डोर-टू-डोर सर्वे कर लगभग 200 मकानों और कई कॉलोनियों की जांच की।
इस दौरान लक्ष्मी नगर कॉलोनी में संचालित एक अवैध गोदाम पर छापा मारकर करीब 260 किलोग्राम नकली पनीर बरामद किया गया। जब्त पनीर को कार्रवाई के लिए संबंधित रसद विभाग को सौंप दिया गया।
30 अवैध गोदाम किए सील
सर्च अभियान के दौरान पुलिस ने क्षेत्र में संचालित करीब 30 अवैध कबाड़ी एवं कतरन गोदामों को भी सील किया। पुलिस लगातार डोर-टू-डोर सर्वे और चेकिंग अभियान चला रही है।
पुलिस ने मोहल्ला एवं कॉलोनी बैठकों के माध्यम से लोगों को जागरूक करते हुए अपील की है कि क्षेत्र में संचालित किसी भी अवैध कारोबार की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
खोह नागोरियान थाना पुलिस का कहना है कि अवैध पटाखा निर्माण, भंडारण और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।