प्राचीन शिव मंदिर जीर्णोद्धार एवं लक्ष्मी नारायण मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव सम्पन्न

हरीश देवेंदा 

नीमकाथाना (नवयत्न)। कस्बे में तालाब रोड स्थित श्याम मंदिर के समीप प्राचीन श्री शिव मंदिर के जीर्णोद्धार एवं नवनिर्मित भगवान श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा एवं लोकार्पण महोत्सव बुधवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। महोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित विशाल महाप्रसाद कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर प्रसादी ग्रहण की तथा धर्म लाभ प्राप्त किया।

वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक विधि-विधानों के बीच सम्पन्न हुए इस आयोजन में राजस्थान सरकार के यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा, पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी, पूर्व विधायक इंद्राज गुर्जर, भाजपा नेता विष्णु चेतानी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, उद्योगपति एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने मंदिर परिसर में दर्शन कर आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।

यह भव्य धार्मिक आयोजन उद्योगपति दौलतराम गोयल एवं उनके परिवार द्वारा कराया गया। गोयल परिवार ने अपने पूज्य दिवंगत नेतराम गोयल एवं श्रीमती पुष्पावती देवी गोयल की पुण्य स्मृति में प्राचीन श्री शिव मंदिर का जीर्णोद्धार करवाया तथा नवनिर्मित भगवान श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में मूर्तियों की प्राण-प्रतिष्ठा करवाई। श्रद्धालुओं ने इसे समाज में धार्मिक एवं सांस्कृतिक चेतना को सुदृढ़ करने वाला प्रेरणादायी कार्य बताया।

महोत्सव के दौरान मंदिर परिसर को आकर्षक सजावट एवं रोशनी से सजाया गया । कई दिनों से चल रहे धार्मिक अनुष्ठानों, पूजन, शोभायात्रा एवं सत्संग कार्यक्रमों का समापन बुधवार को महाप्रसाद के साथ हुआ। आयोजन में नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं एवं अतिथियों ने गोयल परिवार द्वारा किए गए इस धार्मिक एवं जनकल्याणकारी कार्य की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

You might also like