नायब तहसीलदार लगाने की मांग, जिला कलेक्टर को भेजा ज्ञापन

ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न)। राजलदेसर तहसील कार्यालय में नायब तहसीलदार की नियुक्ति की मांग को लेकर अधिवक्ताओं एवं नागरिकों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन भेजकर शीघ्र व्यवस्था करने की मांग की है। एडवोकेट श्रवण मोडसरा ने बताया कि राजलदेसर तहसील कार्यालय में पदस्थापित नायब तहसीलदार पूजा पारीक पिछले दो माह से प्रशिक्षण पर जाने के बाद वर्तमान में अवकाश पर हैं। वहीं राजलदेसर तहसीलदार के पास रतनगढ़ तहसील का भी अतिरिक्त प्रभार होने के कारण वे अधिकांश समय मुख्यालय पर उपलब्ध नहीं रह पाते हैं।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा 15 जून से 15 जुलाई तक ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। तहसीलदार के शिविरों में व्यस्त रहने तथा नायब तहसीलदार के पद रिक्त होने से तहसील कार्यालय में आमजन को आवश्यक कार्यों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, वसीयतनामा, प्रमाणित जमाबंदी, रहन-प्रमाण पत्र तथा लघु एवं सीमांत किसान प्रमाण पत्रों पर हस्ताक्षर करवाने के लिए लोगों को बार-बार कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

ज्ञापन में कहा गया है कि तहसील कार्यालय में अधिकारी उपलब्ध नहीं होने से आमजन के कार्य समय पर नहीं हो पा रहे हैं। ऐसे में राजलदेसर में तत्काल नायब तहसीलदार की नियुक्ति की जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके। इस संबंध में सुजानगढ़ अतिरिक्त जिला कलेक्टर को भी पत्र प्रेषित किया गया है।

ज्ञापन पर एडवोकेट गिरधारीलाल जाट, एडवोकेट सांवरमल मेघवाल, एडवोकेट सुनील शर्मा, एडवोकेट रोहित मारू, तेजाराम खीचड़, राकेश नाई, बजरंगलाल नाई आबड़सर, भरत शर्मा, धनराज ज्याणी, केशवनाथ सिद्ध, रामलाल बिस्सू, धर्माराम मेघवाल, सुरजीत सिंह राठौड़, पुनाराम सहित अनेक लोगों के हस्ताक्षर हैं।

You might also like