तेरापंथी सभा को सेवा मंदिर संचालन का सुपुर्दगी पत्र सौंपा
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । जैन विश्व भारती परिसर में महाश्रमण विहार में जैन विश्व भारती द्वारा मूल ठिकाना (सेवा मंदिर) नवीनीकरण परियोजना तेरापंथ के अधिशास्ता आचार्य श्री महाश्रमण के सान्निध्य में आयोजित समारोह में जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा को सुपुर्द किया गया। समारोह में आचार्य श्री महाश्रमण ने कहा कि संघ की सभी संस्थाओं के बीच आपसी सौहार्द, सामंजस्य और सद्भाव सदैव बना रहना चाहिए। परिसर संयोजक धर्मचंद लूंकड ने बताया कि समाजसेवी राकेश कठोतिया व छतरमल बैद के सौजन्य से सेवा मंदिर के नवीनीकरण का कार्य संपादित हुआ है। मंत्री सलिल लोढ़ा ने बताया कि भवन के नवीनीकरण व विस्तार के अंतर्गत 10 कमरों, बरामदे आदि का निर्माण करवाया गया। वहीं मूल भवन का संपूर्ण नवीनीकरण भी करवाया है। अनुदानदाता राकेश कठोतिया ने आचार्य प्रवर से अनुरोध किया कि नवीन भवन में प्रवास हेतु साध्वी वृंद की संख्या बढाई जाए तो आसपास के श्रावक-श्राविकाओं को सेवा-दर्शन में सुविधा रहेगी। तेरापंथी सभा के अध्यक्ष प्रमोद बैद ने कहा कि सेवा केंद्र में प्रवास करने वाली साध्वियों की सेवा के लिए सभा परिवार सदैव तत्पर रहेगा। अंत में अनुदानदाता राकेश कठोतिया व छतरमल बैद ने तेरापंथी सभा के अध्यक्ष प्रमोद बैद व मंत्री आलोक खटेड़ को सुपुर्दगी का पत्र सौंपा।