साइबर ठगी करने वाले दो ठग गिरफ्तार, 10 एटीएम कार्ड व आईफोन बरामद

निसं
जयपुर (नवयत्न) । राजधानी में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन म्यूल हंटर’ के तहत जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 एटीएम कार्ड, दो बैंक पासबुक, एक आईफोन और एक एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किए हैं। साथ ही साइबर ठगी से जुड़े 4.50 लाख रुपए फ्रीज कराए गए हैं।
जयपुर उत्तर पुलिस उपायुक्त करण शर्मा ने बताया कि राजस्थान पुलिस के साइबर क्राइम एवं तकनीकी सेवा महानिदेशक के निर्देश पर 27 मार्च से राज्यभर में संदिग्ध बैंक खातों और साइबर ठगी में उपयोग होने वाले खातों के विरुद्ध ‘ऑपरेशन म्यूल हंटर’ चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत रविवार को जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस ने विशेष कार्रवाई कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों के तार राजस्थान के विभिन्न जिलों के अलावा अन्य राज्यों में सक्रिय साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़े हुए हैं। पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और पूरे नेटवर्क का खुलासा करने में जुटी है।
इस कार्रवाई का नेतृत्व थानाधिकारी रघुवीर सिंह ने किया। टीम में उपनिरीक्षक हरओम सिंह, कांस्टेबल ओमेश, रामसिंह, रमेश कुमार, धोलाराम, रैहान सिंह तथा साइबर क्राइम यूनिट के तकनीकी सहायक सुधीर शामिल रहे। कार्रवाई में कांस्टेबल रामसिंह और रमेश कुमार की विशेष भूमिका रही, जिनकी सक्रियता से आरोपियों की गिरफ्तारी और महत्वपूर्ण साक्ष्यों की बरामदगी संभव हो सकी।

You might also like