यूजीसी के विवादित नियमों को वापस लेने की मांग, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

कृष्ण कुमार गांधी
सूरजगढ़ (नवयत्न) । विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की नीतियों एवं हाल ही में जारी विवादित नियमों को लेकर विधानसभा क्षेत्र के स्वर्ण समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने राष्ट्रपति व मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। सोमवार को स्वर्ण समाज के लोगों ने पुराना बस स्टैंड से मैन बाजार, स्टेशन रोड़, बुहाना चौक, अनाज मंडी, चिड़ावा रोड़ होते हुए रैली निकाली व उपखंड कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति व मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि यूजीसी के नए नियमों एवं दिशानिर्देशों के कारण विद्यार्थियों, शोधार्थियों व युवाओं के हित प्रभावित हो रहे है। ज्ञापन में प्रतिभाओं के उपेक्षा, समान अवसरों की कमी तथा पारदर्शिता के अभाव जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। ज्ञापन के माध्यम से आरोप लगाया गया कि विश्वविद्यालयों में नियुक्तियों एवं प्रवेश प्रक्रियाओं में नए नियमों के कारण योग्य प्रतिभाओं के अवसर प्रभावित हो सकते हैं। इससे विद्यार्थियों एवं युवाओं में मानसिक तनाव और भविष्य को लेकर असमंजस की स्थिति पैदा हो रही है।
ज्ञापन में रखी प्रमुख मांगें यूजीसी द्वारा हाल ही में जारी विवादित नियमों एवं दिशा-निर्देशों की तत्काल समीक्षा कर उन्हें वापस लेने या आवश्यक संशोधन
उच्च शिक्षा संस्थानों में सभी वर्गों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए समान अवसर और योग्यता के आधार पर न्याय सुनिश्चित करने की मांग की गई। शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए नई नीतियां बनाते समय सभी हितधारकों एवं समाज के प्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने की मांग। ज्ञापन में कहा गया कि शिक्षा व्यवस्था देश के युवाओं के भविष्य से सीधे जुड़ी हुई है। ऐसे में किसी भी नीति अथवा नियम को लागू करने से पहले उसके व्यापक प्रभावों का अध्ययन किया जाना चाहिए।
सूरजगढ़ क्षेत्र के स्वर्ण समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने राष्ट्रपति से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर युवाओं के हित में आवश्यक निर्णय लेने की अपील की गई। इस मौके पर वरिष्ठ अधिवक्ता मदन राठौड़, एडवोकेट शिवराज राठौड़, प्राचार्य डॉ. रवि शर्मा, भारत भूषण, अंशुल, कपिल शर्मा, अजीत सिंह, जितेन्द्र तंवर, रवि शर्मा, पीयूष पण्डित, प्रदीप शर्मा, हिरासिंह, बली सिंह, मामन सिंह, जयसिंह शेखावत, गिरवर सिंह, शेरसिंह, कुलदीप बिजौली सहित सैंकड़ो की संख्या में स्वर्ण समाज के लोग मौजूद रहे।

You might also like