श्री जंगलेश्वर महादेव मंदिर में सहस्रघट जलाभिषेक एवं रुद्राभिषेक

निसं
जयपुर (नवयत्न) । कलेक्ट्री सर्कल, बनीपार्क स्थित श्री जंगलेश्वर महादेव मंदिर में शिव परिवार का सहस्रघट जलाभिषेक एवं रुद्राभिषेक महोत्सव भक्तिमय वातावरण में आयोजित किया गया। विद्वान आचार्यों एवं पंडितों ने विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव सहित शिव परिवार का अभिषेक कराया।
महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। भक्तों ने भगवान भोलेनाथ को बेलपत्र, धतूरा, दूध और गंगाजल अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय शिव शंभू’ के जयकारों से गूंज उठा।
अनुष्ठान के दौरान भगवान भोलेनाथ, माता पार्वती, गणेशजी, कार्तिकेयजी और नंदी महाराज का विशेष फूलों एवं आभूषणों से मनमोहक श्रृंगार किया गया। कार्यक्रम में कमलेश ढींगरा, मीनू, अनिल ढींगरा, राजेश नागपाल, अर्जुन और मनन सहित बड़ी संख्या में शिवभक्त मौजूद रहे।
जलाभिषेक एवं रुद्राभिषेक के बाद महाआरती की गई। श्रद्धालुओं ने आरती में शामिल होकर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया। इसके बाद सभी के लिए प्रसादी का आयोजन किया गया। धार्मिक मान्यता के अनुसार सावन और विशेष अवसरों पर सहस्रघट जलाभिषेक एवं रुद्राभिषेक करने से भगवान शिव की कृपा प्राप्त होती है और परिवार में सुख-शांति व समृद्धि बनी रहती है।

You might also like