एस. एस. मोदी विद्या विहार में देशभक्ति के उल्लास के साथ मनाया स्वतंत्रता दिवस
सुरेन्द्र शर्मा
झुंझुनू (नवयत्न)। शहर के गौरव पथ पर स्थित एस. एस. मोदी विद्या विहार प्रांगण में स्वतंत्रता दिवस समारोह परेड व बैंड के साथ धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रिटा. सैनिक कल्याण अधिकारी मेजर जयराम सिंह, विशिष्ट अतिथि भारतीय नौसेना से रिटा. मुख्य पैटी ऑफिसर शिशराम जाखड़, विद्यालय समन्वयक मनीष अग्रवाल, अकादमिक निदेशक रॉय सी पॉल व प्राचार्य विजय मसीह ने ध्वजारोहण के साथ किया। मुख्य अतिथि को बैंड व एनसीसी परेड द्वारा सलामी दी गई। विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में ध्वजारोहण, मार्चपास्ट, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रमों ने उपस्थित विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं अतिथियों में राष्ट्रप्रेम की भावना का संचार किया। मुख्य अतिथि मेजर जयराम सिंह ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों एवं अमर शहीदों को नमन करते हुए अपने संस्मरण साझा किए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि इसे सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी भी प्रत्येक नागरिक की है। उन्होंने विद्यार्थियों से देश के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने, अनुशासन अपनाने तथा समाज और राष्ट्र के विकास में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया। देशभक्तों को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि हमें नित्य उन शहीदों को याद करना है, जिनके बलिदानों से हमें यह स्वतंत्रता मिली है। उन्होंने कहा कि परोपकार की भावना से कार्य करते रहें। वे बच्चों में नैतिक गुणों का विकास करें क्योंकि वे ही हमारे देश के कर्णधार हैं। विशिष्ट अतिथि शिशराम जाखड़ ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज के कार्यक्रम में केवल देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत होने के साथ विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा का भी उत्कृष्ट प्रदर्शन देखने को मिला। उन्होंने कहा कि आज का भारत आत्मनिर्भरता, विज्ञान, तकनीक शिक्षा, खेल और विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर प्रगति कर रहा है। देश की इस विकास यात्रा को और मजबूत बनाने के लिए युवा पीड़ी को मेहनत, ईमानदारी, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा की भावना के साथ आगे बढऩा होगा। विद्यालय समन्वयक मनीष अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से प्राप्त आजादी की सार्थकता तभी है, जब हम अपने अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों का भी पूरी निष्ठा से पालन करें। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया। विद्यालय प्राचार्य विजय मसीह ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथि का स्वागत किया और उनका संक्षिप्त परिचय बच्चों को दिया। स्वतंत्रता दिवस की शुभकामना देते हुए उन्होंने बच्चों को स्वतंत्रता के कई मायने बताए। अपने संबोधन में स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 15 अगस्त भारतीय इतिहास का वह गौरवशाली दिन है, जो हमें स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और दृढ़ संकल्प की याद दिलाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे देश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और नैतिक मूल्यों को भी अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि हमें अधिकारों की अपेक्षा करने से पहले अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहना चाहिए। समारोह में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों, नृत्य, भाषण एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस की भावना को जीवंत कर दिया। विभिन्न सदनों के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग कार्यक्रमों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। देशभक्ति से ओत-प्रोत गीतों एवं नृत्य प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम से भर दिया। अन्तरसदनीय नृत्य प्रतियोगिता द्वारा प्रस्तुत रंगारंग नृत्य कार्यक्रमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। जिसमें निर्णायक की भूमिका में सुलोचना, मनीषा चैधरी व वंदना राठौड़ रही। नृत्य प्रतियोगिता में अरावली प्रथम, विंध्या द्वितीय, हिमालय तृतीय और शिवालिक सदन चतुर्थ स्थान पर विजयी रहा। विद्यालय समन्वयक मनीष अग्रवाल ने परिणामों की घोषणा करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी। हिन्दी भाषण में किन्शु और अंग्रेजी भाषण में आंचल एवं संगीत शिक्षक आत्माराम जाँगिड़ व बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत से आज के दिन का महत्व बताया। हिंदी एवं अंग्रेजी भाषणों के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक महत्व, स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष तथा वर्तमान भारत की उपलब्धियों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में देश के प्रति गर्व, सम्मान एवं जिम्मेदारी की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया गया। अतिथियों का विद्यालय परिवार की ओर से स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत के साथ हुआ। उपस्थित सभी अतिथियों, विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ ने राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए देश की एकता, अखंडता एवं गौरव को बनाए रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सभी ने राष्ट्रगान गाया और ध्वज को सलामी दी। मंच का संचालन तनुश्री जालान और विभुति हरितवाल ने बिनेश शेखावत व अर्चना शर्मा के मार्गदर्शन में बखूबी निभाया। विद्यालय स्टाफ ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। मुंबई प्रवासी ट्रस्टी शशिकांत मोदी, गिलूराम मोदी, सौरभ मोदी, प्रियंक मोदी एवं कनिका मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर विद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों को मंगलकामनाएँ प्रेषित कीं।