चिमन महोत्सव में हुआ श्रद्धा और भक्ति का संगम
हर्ष सोनी
झुंझुनू (नवयत्न)। स्थानीय चंचलनाथ टीले पर नाथ संप्रदाय के संत श्री श्री 1008 चिमननाथ महाराज की 40वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित दो दिवसीय चिमन महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं धार्मिक उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम टीले के पीठाधीश्वर ओमनाथ महाराज के सानिध्य में आयोजित किया गया। योगी महासभा उत्तराखंड के महामंत्री चेताईनाथ महाराज मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। टीले के संत विचारनाथ महाराज ने बताया कि 15 अगस्त को सुबह 9 बजे रुद्राभिषेक के साथ चिमन महोत्सव का शुभारंभ हुआ। रात्रि में विराट भजन संध्या का आयोजन किया गया। इसमें ओमनाथ महाराज, विचार नाथ महाराज, अभयनाथ महाराज सोनासर, रोशन नाथ महाराज, ग्रीस भोजक फतेहपुर, रमेश व्यास सहित साधु-संतों व शेखावाटी के प्रसिद्ध स्थानीय कलाकारों ने भजनों की एक से बढक़र एक प्रस्तुतियां देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। भजन संध्या में बड़ी संख्या में साधु-संत एवं श्रद्धालु शामिल हुए। 16 अगस्त को सुबह 8 बजे समाधि स्थल पर पूजा-अर्चना, आरती एवं भोग लगाकर संत चिमननाथ महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद सुबह 10 बजे से साधु-संतों के लिए भंडारे का आयोजन हुआ। इस दौरान संतों को विदाई स्वरूप अंगवस्त्र एवं दक्षिणा भेंट की गई। सुबह 11 बजे से आम श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारा शुरू हुआ, जो रात्रि 10 बजे तक चला। भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।
प्लास्टिक मुक्त भंडारा रहा विशेष आकर्षण
चिमन महोत्सव की सबसे खास बात यह रही कि पूरे भंडारे को प्लास्टिक मुक्त रखा गया। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए श्रद्धालुओं को स्टील की थाली एवं स्टील के गिलास में प्रसाद परोसा गया। पुण्यतिथि समारोह को लेकर पूरे चंचलनाथ टीले को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। समाधि स्थल सहित पूरे परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी एवं ताजे फूलों से भव्य रूप दिया गया। इस अवसर पर टाई धाम के महंत सोमनाथ महाराज, जोगिया छपार हरियाणा धाम के महंत शुभनाथ महाराज, किरढ़ान हरियाणा धाम के महंत बंशी नाथ महाराज, महामंडलेश्वर डॉ अर्जुनदास महाराज बगड़, फदनपुरा धाम के महंत विजयनाथ महाराज, कारंगा धाम के महंत शंभूनाथ महाराज, ददरेवा धाम के महंत कृष्णनाथ महाराज, बुटिया धाम के महंत निरंजननाथ महाराज, थानमुठई धाम के महंत निर्मलनाथ महाराज, ढंडाल शेरा धाम के महंत दशहरानाथ महाराज, लखेरा धाम के महंत कर्मनाथ महाराज, जयपुर के महावीरनाथ महाराज, शीतलनाथ महाराज, राजनाथ महाराज तथा कमरुद्दीन दरगाह के गद्दीनशीन एजाज नबी सहित समाजसेवी अमरनाथ जांगिड़, राजकुमार बेरवाल, नारायण किरोड़ीवाल चूरू, दीपक मोदी, सुशील बाक्याण, विनोद पुरोहित, विमल सैनी, पवन पुजारी, वेदप्रकाश सैनी, राकेश व्यास, रामगोपाल महमिया, उमाशंकर महमिया सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं भक्तगण मौजूद रहे।