भारतीय मजदूर संघ का जिला अधिवेशन सम्पन्न

निसं
बीकानेर (नवयत्न)। भारतीय मजदूर संघ बीकानेर का जिला अधिवेशन ओझा सत्संग भवन, बीकानेर में उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। अधिवेशन में संगठन की आगामी गतिविधियों, श्रमिक हितों एवं संगठनात्मक विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण विचार-विमर्श किया गया। अधिवेशन के मुख्य अतिथि बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास रहे। अधिवेशन का उद्घाटन भारतीय मजदूर संघ के प्रदेशाध्यक्ष राजेन्द्रसिंह डाबी ने किया। वहीं प्रदेश उपाध्यक्ष गौरीशंकर व्यास एवं संभाग संगठन मंत्री गोविंद जोशी अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अधिवेशन में राजस्थान विद्युत श्रमिक महासंघ के प्रदेश संगठन मंत्री चुन्नीलाल राजस्थानी, हनुमानदास राव एवं गोपीकिशन गहलोत सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। जिला अधिवेशन के दौरान संगठनात्मक दायित्वों की घोषणा करते हुए नोखा के विद्युत कर्मचारी नेता नरेंद्र कुमार छींपा को भारतीय मजदूर संघ, बीकानेर का कार्यकारी जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया। वहीं जाफर अली को सर्वपंथ समादर प्रभारी का दायित्व सौंपा गया। नवनियुक्त पदाधिकारियों को दायित्व मिलने पर नोखा क्षेत्र के भारतीय मजदूर संघ एवं श्रमिक संगठनों से जुड़े कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि दोनों पदाधिकारी संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा श्रमिक हितों की आवाज को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। अधिवेशन में संगठन एवं श्रमिक हितों से जुड़े चार महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। वक्ताओं ने भारतीय मजदूर संघ की विचारधारा के अनुरूप श्रमिकों के अधिकारों, हितों एवं सम्मान की रक्षा के लिए संगठित होकर कार्य करने का आह्वान किया। अधिवेशन के समापन पर उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने तथा श्रमिक हितों के लिए निरंतर सक्रिय रहने का संकल्प लिया।

You might also like