देवराज सिंह पलाड़ा को न्याय दिलाने की मांग, ज्ञापन सौंपा

अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न)। सहभागी राजपूत परिवार मंच ने एसडीएम की मार्फत उच्चाधिकारियों एवं सरकार को ज्ञापन भेजकर 3 अगस्त को जयपुर में पुलिस प्रशासन की बर्बरतापूर्ण कार्यवाही में वाटर कैनन के तेज प्रहार से देवराज सिंह पलाड़ा की हत्या का आरोप लगाया है। ज्ञापन में बताया कि शांति पूर्ण तरीके से प्रदर्शन में शामिल युवक के बलिदान से सम्पूर्ण राजस्थान के सभी समाजों में रोष व्याप्त है। तथाकथित रूप से राजस्थान सरकार द्वारा उसके परिवार को 21 लाख रुपए का नगण्य मुआवजा प्रदान किया गया है। परिवार को 1 करोड़ रुपए का आर्थिक मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को स्थायी सरकारी नौकरी प्रदान करने, दोषी पुलिस कर्मियों को सस्पेंड कर उन पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग रखी गई वहीं राजस्थान सहित समस्त भारत देश में सामाजिक, धार्मिक सौहार्द बनाने के लिए एससी/एसटी, मूल ओबीसी, ईडब्ल्यूएस, मुस्लिम सहित सभी धार्मिक अल्पसंख्यकों के हितों को सुरक्षित रखने की मांग भी रखी गई। ज्ञापन में बताया कि लोकतांत्रिक चुनावों में इन वर्गों को मजबूत करने के लिए लगातार और सकारात्मक प्रयास किए जाने चाहिए। राजस्थान सहित भारत देश में शिक्षा, सरकारी नौकरी और लोकतांत्रिक चुनावों में ओबीसी वर्ग का वर्गीकरण किया जाना आवश्यक बताया।

You might also like