बारिश के अभाव में खराब हुई फसल, ग्रामीणों ने की विशेष गिरदावरी करवाने की मांग
सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न)। तहसील क्षेत्र के ग्राम सात्यूँ में पिछले लंबे समय से बारिश नहीं होने व फसल में गोजा लट (कीट) के प्रकोप के कारण किसानों की मूंग, मोठ, ग्वार एवं बाजरे की फसल खराब होकर नष्ट हो गई है। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। फसल खराब होने से चिंतित ग्रामीणों एवं मरुधरा सेवा संस्थान, सात्यूँ के सदस्यों ने उपखंड अधिकारी, तारानगर को ज्ञापन सौंपकर प्रभावित क्षेत्र में विशेष गिरदावरी करवाने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि फसल की बुवाई के शुरुआती समय में फसल की स्थिति अच्छी थी, लेकिन लंबे समय से बारिश नहीं होने और गोजा लट के प्रकोप के कारण फसल बुरी तरह प्रभावित हुई है। कई खेतों में फसल पूरी तरह सूखकर नष्ट हो चुकी है। ऐसे में किसानों के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी से मांग की कि ग्राम सात्यूँ की रोही में खराब हुई फसलों की तत्काल विशेष गिरदावरी करवाकर नुकसान का आकलन किया जाए तथा प्रभावित किसानों को नियमानुसार उचित मुआवजा एवं राहत दिलवाई जाए। ग्रामीणों ने कहा कि समय रहते गिरदावरी होने से किसानों को सरकार की ओर से मिलने वाली सहायता का लाभ मिल सकेगा। इस अवसर पर संजय दर्जी, बलराम खींची, मुकेश दाधीच, गोवर्धन कस्वां, राजेश साहू, हनुमानराम कुलड़िया, डॉ विमल शर्मा, विजेंद्र सांखला, इन्द्र चन्द स्वामी, प्रदीप शर्मा, शायर गोस्वामी, सुशील गौड़, सुरेश गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।