101 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। नवयुवकों को नशे की लत से बचाने तथा अवैध मादक पदार्थों एवं शराब की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नोखा पुलिस एवं डीएसटी बीकानेर ने संयुक्त रूप से प्रभावी कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 101 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। शराब परिवहन में प्रयुक्त मारुति सुजुकी इर्टिगा कार को भी जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार जब्त शराब की अंतर्राष्ट्रीय कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। बरामद शराब में आल सीजन्स की 58 पेटी तथा रॉयल चैलेंज की 43 पेटी कुल 101 पेटी शामिल हैं। यह कार्रवाई महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज ओमप्रकाश आईपीएस एवं जिला पुलिस अधीक्षक बीकानेर मृदुल कच्छावा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बीकानेर बनवारी लाल आरपीएस तथा वृताधिकारी नोखा जरनैल सिंह आरपीएस के निकट सुपरविजन में की गई। पुलिस थाना नोखा के थानाधिकारी गोविन्द सिंह चारण पुलिस निरीक्षक को डीएसटी बीकानेर से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी कमलेश निवासी कूका, पुलिस थाना बागोड़ा, जिला जालौर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध अंग्रेजी शराब बरामद कर वाहन सहित जब्त की तथा प्रकरण दर्ज किया। मामले का अनुसंधान उपनिरीक्षक कुशलाराम द्वारा किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान मौके से एक अन्य आरोपी फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। साथ ही शराब तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों एवं पूरे नेटवर्क के संबंध में भी विस्तृत अनुसंधान किया जा रहा है। कार्रवाई में थानाधिकारी गोविन्द सिंह चारण, सहायक उपनिरीक्षक बलवान सिंह, साइबर सेल बीकानेर के सहायक उपनिरीक्षक दीपक यादव, हेड कांस्टेबल रामेश्वरलाल धुधवाल, कांस्टेबल तेजाराम, जयप्रकाश एवं महेन्द्र सिंह तथा डीएसटी बीकानेर के कांस्टेबल रामकुमार एवं गणेशाराम शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध शराब तस्करी के खिलाफ महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। मामले में आगे की जांच के बाद शराब की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आने की संभावना है।