डोडा पोस्त के साथ एक आरोपी गिरफ्तार
श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। पुलिस थाना पांचू ने ऑपरेशन नीलकंठ तथा पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत प्रभावी कार्रवाई करते हुए 1 किलो 428 ग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडा पोस्त चूरा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मादक पदार्थ के परिवहन में प्रयुक्त पिकअप वाहन को भी जब्त किया है। पुलिस के अनुसार महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज बीकानेर ओमप्रकाश आईपीएस, जिला पुलिस अधीक्षक बीकानेर मृदुल कच्छावा आईपीएस, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बनवारीलाल मीणा आरपीएस के निर्देशन तथा पुलिस उप अधीक्षक नोखा जरनैल सिंह के निकट सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस थाना पांचू के थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद पुनि के नेतृत्व में टीम ने भारतमाला रोड स्थित टोल पांचू के पास जिला पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार ए श्रेणी की नाकाबंदी की। इस दौरान संदिग्ध पिकअप वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से 01 किलो 428 ग्राम अवैध डोडा पोस्त चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से सुरिन्द्र कुमार निवासी भागु, पुलिस थाना बहाववाला, जिला फाजिल्का, पंजाब को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से बरामद मादक पदार्थ तथा घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन को जब्त कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी मादक पदार्थ कहां से लेकर आया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था। थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद, सहायक उप निरीक्षक पप्पूलाल, हेड कांस्टेबल राणाराम तथा कांस्टेबल लीलाराम कार्रवाई में शामिल रहे।