झुंझुनूं से जैसलमेर रेल की राह खुली, रुणिचा एक्सप्रेस का किया स्वागत
संजय सोनी
झुंझुनूं (नवयत्न)। झुंझुनू के रेल इतिहास में शुक्रवार को एक नया अध्याय जुड़ गया। पहली बार झुंझुनू से जोधपुर-जैसलमेर के लिए नियमित रेल सेवा शुरू होने पर दिल्ली जंक्शन-जैसलमेर रुणिचा एक्सप्रेस के झुंझुनूं स्टेशन पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। ट्रेन संख्या 14087 दिल्ली जंक्शन-जैसलमेर रुणिचा एक्सप्रेस के झुंझुनूं पहुंचते ही यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों में उत्साह नजर आया। शेखावाटी रेल विकास संघर्ष समिति के अध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में जिला पर्यावरण सुधार समिति के निदेशक राजेश अग्रवाल की अध्यक्षता रही, जबकि अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के जिला युवा चेयरमैन सीए लोकेश अग्रवाल मुख्य अतिथि रहे। समिति पदाधिकारियों एवं उपस्थित लोगों ने ट्रेन के लोको पायलट, ट्रेन प्रबंधक तथा स्टेशन प्रबंधक का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया और मिठाई खिलाकर नई रेल सेवा के शुभारंभ की खुशी मनाई। इस अवसर पर भारतीय मानवाधिकार परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मनोज सिंह टीकेएन, अग्रवाल समाज समिति के अध्यक्ष गणेश कुमार हलवाई तथा युवा समाजसेवी मुकेश कुमार जांगिड़ ने झुंझुनूं को जोधपुर-जैसलमेर से जोड़ने वाली इस नई रेल सुविधा के लिए रेलमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि नई रेल सेवा से झुंझुनूं सहित पूरे शेखावाटी क्षेत्र के यात्रियों को पश्चिमी राजस्थान के प्रमुख धार्मिक, पर्यटन एवं व्यापारिक केंद्रों तक सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। शेखावाटी रेल विकास संघर्ष समिति के प्रयासों से लंबे समय से उठाई जा रही रेल सुविधाओं की मांगों के बीच रुणिचा एक्सप्रेस का झुंझुनूं होकर संचालन क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे झुंझुनूं के यात्रियों को जोधपुर और जैसलमेर की ओर आवागमन के लिए नई सीधी रेल सुविधा उपलब्ध हुई है। विशेष रूप से जैसलमेर और जोधपुर जाने वाले यात्रियों, पर्यटकों तथा व्यापारियों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है। स्वागत कार्यक्रम में अनिल शर्मा, विनोद खन्ना, चन्द्रप्रकाश धूपिया, फैयाज अहमद खान नूआं, मांगीलाल सेन, मोहनलाल पुरोहित, संजय बिलोटिया, मनीष बगड़िया, चन्द्रप्रकाश जालान एवं पवन कुमार जांगिड़ सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
नई रेल सेवा शुरू होने के अवसर पर स्टेशन पर उत्साह का माहौल रहा और उपस्थित लोगों ने इसे झुंझुनूं के रेल विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए भविष्य में भी क्षेत्र के लिए और अधिक रेल सुविधाएं शुरू करने की मांग दोहराई।