पूछताछ में उगला राज, पहाड़ में छिपा रखा था कट्टा, तीन जिंदा कारतूस भी मिले

अशोक राईका
झुंझुनूं (नवयत्न)। कोतवाली पुलिस ने एक पूर्व मामले में गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के दौरान अवैध हथियार का खुलासा होने पर देशी कट्टा और 3 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी ने हथियार को मोड़ा पहाड़ के कच्चे रास्ते पर छिपाकर रखा था। पुलिस ने आरोपी सचिन उर्फ सेठी (26) निवासी अहिरों की ढाणी, तन सोनासर को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट में नया मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार 20 अगस्त को पूर्व में दर्ज मामले में गिरफ्तार सचिन से पूछताछ की गई। इस दौरान उसने अपने पास हथियार होने की बात कबूल की। इसके बाद पुलिस टीम उसे लेकर मोड़ा पहाड़ पहुंची और उसकी निशानदेही पर कच्चे रास्ते के पास छिपाकर रखा गया एक देशी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए। पुलिस आरोपी से हथियार कहां से आया और इसके इस्तेमाल को लेकर पूछताछ कर रही है। मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है।

You might also like