सिर पर कलश, हाथों में मतदान का संदेश, महिलाओं ने निकाली कलश यात्रा
निसं
खेतड़ी (नवयत्न)। निकाय चुनाव से पहले मतदाताओं को जागरूक करने के लिए खेतड़ी में शुक्रवार को अनूठी पहल की गई। उपखंड प्रशासन की ओर से स्वीप अभियान के तहत महिलाओं ने सिर पर सजे कलश रखकर कलश यात्रा निकाली। यात्रा को एसडीएम सुनील कुमार चौहान ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा नगरपालिका कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुईं। महिलाओं ने सिर पर सुसज्जित कलश धारण कर लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया। यात्रा के दौरान आमजन को लोकतंत्र में मतदान के महत्व की जानकारी दी गई और आगामी चुनाव में अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने का संदेश दिया गया।
‘मतदान अधिकार ही नहीं, जिम्मेदारी भीÓ
एसडीएम सुनील कुमार चौहान ने कहा कि ‘चुनाव पर्व, देश का पर्वÓ है। लोकतंत्र को मजबूत बनाने में हर मतदाता की भूमिका महत्वपूर्ण है। मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि जिम्मेदारी भी है। पात्र मतदाताओं को बिना किसी दबाव या प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करना है, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में हर नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। उन्होंने युवाओं, महिलाओं और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं से मतदान दिवस पर अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आह्वान किया।
प्रशासनिक अधिकारी और महिलाएं रहीं मौजूद
कलश यात्रा के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों, नगरपालिका कार्मिकों और महिलाओं ने आमजन तक मतदान जागरूकता का संदेश पहुंचाया। क्षेत्रवासियों को लोकतंत्र की मजबूती के लिए शत-प्रतिशत मतदान का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया गया। इस मौके पर तहसीलदार सुभाषचंद्र, ईओ नागरमल गुर्जर, जेईएन नागेंद्र कुमार, संदीप शर्मा, एसआई सुनील सैनी, नरेश कुमार, कृष्ण कुमार, सुरेश कुमार, कमला देवी, सुनीता, किरण, सपना, संजू, रामकला और सरोज देवी सहित अनेक लोग मौजूद रहे।