दो साल से टूटा बिजली का पोल, अब भी नहीं बदला, हादसे को दे रहा हैं न्योता

निसं
चिड़ासन (नवयत्न)। लोयल ग्राम पंचायत में मीणों के मोहल्ले की सड़क किनारे पिछले करीब दो साल से टूटा बिजली का पोल हादसे को न्योता दे रहा है। पोल बीच से टूटकर दो हिस्सों में बंट चुका है और उसके अंदर के तार भी बाहर दिखाई दे रहे हैं। यह पोल राजेंद्र शर्मा की दुकान के सामने लगा है और यहां से दिनभर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की आवाजाही रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि तेज आंधी या तूफान आने पर जर्जर पोल कभी भी गिर सकता है। इससे जनहानि और वाहन चालकों को नुकसान का खतरा बना हुआ है। इसके बावजूद विद्युत विभाग की ओर से अब तक पोल को नहीं बदला गया है। ग्रामीणों के अनुसार डीएसएसएस योजना के तहत पुराने और क्षतिग्रस्त पोल व केबल बदलने का काम होना था। विभाग के अधिकारी और कर्मचारी इस पोल को देखकर भी निकल गए, लेकिन पोल नहीं बदला गया। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार ने भी मौके पर पोल और केबल की स्थिति देखने के बावजूद इन्हें नहीं बदला। ग्रामीण सज्जन हलवाई ने बताया कि पोल करीब दो साल पहले ही बदल जाना चाहिए था। विद्युत विभाग के कर्मचारी भी इस रास्ते से रोजाना गुजरते हैं, लेकिन किसी ने इसे बदलने की सुध नहीं ली।
ग्रामीणों ने पोल हटाने की मांग की
यह सड़क गांव के व्यस्त मोहल्ले में होने के कारण यहां लगातार लोगों की आवाजाही रहती है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द टूटे पोल को हटाकर नया पोल लगाने की मांग की है। मांग करने वालों में मुंशी जांगिड़, श्रीराम, राजेंद्र शर्मा, किशन लाल शर्मा, सतवीर मीणा और सुरेश लाल सिंह सहित अन्य ग्रामीण शामिल हैं।

You might also like