ऑपरेशन नीलकंठ : टॉप-10 वांछित आरोपी गिरफ्तार
श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन नीलकंठ के तहत पांचू थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहे टॉप-10 वांछित आरोपी अनिल कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामले में पुलिस को लंबे समय से तलाश थी। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज ओमप्रकाश आईपीएस, जिला पुलिस अधीक्षक बीकानेर मृदुल कच्छावा आईपीएस तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बनवारीलाल मीणा आरपीएस के निर्देशन में की गई। नोखा वृत्त के पुलिस उप अधीक्षक जरनैलसिंह के निकट सुपरविजन में पांचू थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद जांगिड़ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
4 किलो 402 ग्राम डोडा पोस्त बरामदगी के मामले में था फरार
पुलिस के मुताबिक 2 जनवरी 2026 को पांचू थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत एक प्रकरण दर्ज किया गया था। इस मामले में पुलिस ने 4 किलो 402 ग्राम मादक पदार्थ डोडा पोस्त छिलका एवं चूरा जब्त किया था। कार्रवाई के दौरान आरोपी अनिल कुमार मौके से फरार हो गया था और तभी से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनिल कुमार निवासी कूदसू, पुलिस थाना पांचू, जिला बीकानेर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे वांछित आरोपियों की सूची में टॉप-10 में शामिल कर रखा था।
नोखा थाने के मामले में भी वांछित
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अनिल कुमार केवल पांचू थाने के मामले में ही नहीं, बल्कि पुलिस थाना नोखा में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के एक अन्य प्रकरण में भी वांछित चल रहा था। नोखा थाने में 13 दिसंबर 2025 को दर्ज मामले में पुलिस ने 8 किलो 530 ग्राम डोडा पोस्त छिलका मादक पदार्थ जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। इस प्रकरण में अनिल कुमार को मादक पदार्थ के स्प्लायर के रूप में वांछित बताया गया है। इस मामले की आगे की जांच पांचू थाना पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर दोनों मामलों में उसकी भूमिका तथा मादक पदार्थों की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस की विशेष टीम ने की कार्रवाई
कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में पांचू थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद पुनी, हेड कांस्टेबल मांगीलाल कानी, हेड कांस्टेबल राधाकिशन कानी, कांस्टेबल धन्नाराम कानी, कांस्टेबल सुनील कुमार कानी तथा कांस्टेबल लीलाराम कानी शामिल रहे। बीकानेर पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। हाल के दिनों में भी जिले में एनडीपीएस मामलों में वांछित आरोपियों की धरपकड़ और नशा तस्करों के खिलाफ अभियान तेज किया गया है। पांचू पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।