कोफू मेयर युइची हिगुची से पूर्व महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर की आत्मीय मुलाकात

निसं
जयपुर (नवयत्न) । जापान के यामानाशी प्रीफेक्चर की राजधानी कोफू शहर के मेयर युइची हिगुची के जयपुर आगमन पर पूर्व महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर ने उनसे आत्मीय मुलाकात की। शनिवार को हुई इस मुलाकात में भारत-जापान मैत्री, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, पर्यटन तथा जयपुर और कोफू के बीच भविष्य में सहयोग की संभावनाओं पर सार्थक चर्चा हुई। मेयर हिगुची ने जयपुर यात्रा के अनुभव साझा करते हुए कहा कि कोफू और जयपुर में कई समानताएं हैं। कोफू भी प्राकृतिक सौंदर्य के बीच बसा शहर है और वहां के लोगों का प्रकृति से गहरा जुड़ाव है। उन्होंने जयपुर की प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक विरासत और जीवंत संस्कृति की सराहना की। उन्होंने बताया कि कोफू जापान में ज्वेलरी और आभूषण निर्माण के लिए विशेष पहचान रखता है। जयपुर के प्रसिद्ध आभूषण एवं हस्तशिल्प उद्योग से कोफू की इस विशेषता की समानता को देखते हुए दोनों शहरों के बीच ज्वेलरी, हस्तशिल्प और व्यापार के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। मेयर हिगुची ने जयपुर की समृद्ध संस्कृति, ऐतिहासिक विरासत और अतिथि देवो भवरू की परंपरा की प्रशंसा की। उन्होंने जयपुर की जीवंत संस्कृति और यहां के लोगों के आत्मीय व्यवहार को भी सराहा। डॉ. सौम्या गुर्जर ने मेयर हिगुची का स्वागत करते हुए उन्हें जयपुर की संस्कृति, सभ्यता, कला, स्थापत्य, परंपराओं और गौरवशाली विरासत की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जयपुर अपनी ऐतिहासिक धरोहरों के साथ आभूषण, हस्तशिल्प, कला और पर्यटन के क्षेत्र में भी दुनिया में विशिष्ट पहचान रखता है। डॉ. सौम्या गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत और जापान के संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं। दोनों देशों के बीच राजनीतिक और आर्थिक संबंधों के साथ संस्कृति, विचार, तकनीक, पर्यटन और व्यापार के क्षेत्र में भी सहयोग बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह के संवाद लोगों के बीच संबंधों को मजबूत करने के साथ जयपुर और कोफू जैसे शहरों के बीच सहयोग की नई संभावनाएं पैदा करते हैं। मुलाकात के दौरान दोनों पक्षों ने जयपुर-कोफू के बीच सांस्कृतिक, पर्यटन, ज्वेलरी और व्यापारिक सहयोग को आगे बढ़ाने पर सकारात्मक चर्चा की। दोनों शहरों की समानताओं और विशिष्टताओं को देखते हुए भविष्य में आपसी अनुभव और विशेषज्ञता के आदान-प्रदान की संभावनाओं पर भी विचार किया गया। मुलाकात को भारत-जापान की मजबूत होती मैत्री तथा जयपुर-कोफू के बीच भविष्य में विकसित होने वाले संबंधों की दिशा में सकारात्मक पहल माना जा रहा है।

You might also like