उपखंड स्तर के अधिकारियों की बैठक लेकर एसडीएम ने दिए उचित दिशा-निर्देश

खेतड़ी,(जयंत खाँखरा)18 मई। उपखंड कार्यालय में सोमवार को उपखंड अधिकारी शिवपाल जाट ने उपखंड स्तर के सभी विभागों के अधिकारियों की ब्लॉक स्तरीय बैठक बुलाई। जिसमें उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने विभाग संबंधित उचित दिशा निर्देश दिए। एसडीएम ने बताया कि बिजली-पानी की समस्या, कोरोना संक्रमण से बचाव को लेकर सभी विभागों के अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। साथ ही मौसमी बीमारियों को ध्यान में रखते हुए चिकित्सा विभाग को हाई अलर्ट किया। उपखंड अधिकारी ने गर्मी के मौसम को देखते हुए जलदाय विभाग के अधिकारियों को हर घर तक पानी पहुंचाने, मुख्य लाइन में लगे अवैध कनेक्शन हटाने के लिए निर्देशित किया। इसके अलावा पानी वितरण को लेकर आ रही शिकायतों का तुरंत समाधान कर कस्बे में नियमित रूप से पेयजल की सप्लाई करने व ग्रामीण क्षेत्र में 12 जीएलआर की पानी की टंकी में पंपिंग के माध्यम से 10 दिन में पानी की व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। वहीं जहां पर पानी की व्यवस्था नहीं हो पा रही है वहां पर टैंकरों से पानी पहुंचाए। बिजली विभाग के अधिकारियों को मेंटेनेंस सुधार कार्यक्रम प्रतिदिन सुबह 2 घंटे व अघोषित बिजली कटौती बंद करने के लिए निर्देशित किया। कोरोना संक्रमण को देखते हुए बाहर से आने वाले लोगों का पंजीयन, होम आइसोलेट, सैंपलिंग करवाने सहित सभी सुविधाओं का विस्तार करने व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बाहर से आने वाले व्यक्तियों की सूचना देने के लिए निर्देश दिए। इस मौके पर एडिशनल एसपी मोहम्मद अयूब, तहसीलदार कृष्ण कुमार यादव, खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ हरीश यादव, विकास अधिकारी महेंद्र सिंह, प्रवर्तन निरीक्षक मुनेश कुमार, विधायक प्रतिनिधि गोकुल चंद सैनी, सुरेंद्र बडेसरा मौजूद रहे।

You might also like