15 लाख रुपए की रंगदारी नहीं देने पर पति को जान से मारने की धमकी

श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। नोखा थाना क्षेत्र के तिरुपति नगर स्थित ग्रीन गैलेक्सी अपार्टमेंट में रहने वाली एक महिला ने एक युवक पर 15 लाख रुपए की रंगदारी मांगने और रुपए नहीं देने पर उसके पति को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार संगीता सोनी पत्नी पुखराज सोनी, निवासी तिरुपति नगर ने रिपोर्ट में बताया कि 2 सितंबर 2026 की शाम करीब साढ़े 6 बजे वह अपने फ्लैट में बच्चों के साथ बैठी थी। इसी दौरान फ्लैट के दरवाजे की घंटी बजी। उसकी बेटी ने दरवाजा खोला तो राकेश बाहर खड़ा था। राकेश ने उसकी बेटी से पूछा कि पुखराज कहां है। इसके बाद वह फ्लैट के गेट के बाहर खड़ा होकर गाली-गलौज करने लगा। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि राकेश ने कहा कि उसके पति को रंगदारी के 15 लाख रुपए देने होंगे, अन्यथा उसे जान से मार दिया जाएगा। महिला ने बताया कि इससे पहले भी राकेश उसके पति से रंगदारी के रूप में रुपए मांग चुका है। रुपए देने से मना करने पर पिछले कई दिनों से उसके पति का पीछा कर गाडिय़ां रोकने और फोन पर जान से मारने की धमकियां देने का आरोप भी लगाया गया है। महिला के अनुसार आरोपी ने फ्लैट में आकर धमकी दी कि 15 लाख रुपए नहीं दिए तो उसके पति पुखराज का कत्ल कर देगा और उसे दिन नहीं देखने देगा। साथ ही धमकी दी कि यदि नोखा में रहना है तो 15 लाख रुपए देने होंगे। महिला ने यह भी बताया कि धमकी से संबंधित सीसीटीवी रिकॉर्डिंग उनके फ्लैट की गैलरी में लगे कैमरे में दर्ज है। रिपोर्ट में महिला ने आरोप लगाया कि उक्त व्यक्ति के खिलाफ पहले से रंगदारी, हत्या, जानलेवा हमला और फिरौती सहित अन्य मामले दर्ज हैं। उसने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर परिवार की सुरक्षा की मांग की। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर एफआईआर दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया है। पुलिस मामले में आरोपों की जांच कर रही है।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माक्र्सवादी) माकपा प्रत्याशी का पुत्र है राकेश भादू
नोखा में वार्ड नम्बर 19 के भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माक्र्सवादी) माकपा व विकास मंच प्रत्याशी रामप्रताप भादू का पुत्र राकेश भादू है जिसके खिलाफ नोखा थाने में गुंडागर्दी का मामला संगीता सोनी पत्नी पुखराज सोनी ने करवाया है। जानकारी के अनुसार राकेश भादू ने संगीता सोनी के घर जाके गाली गलौच की और 15 लाख की रंगदारी मांगी। महिला को मां-बहन की गाली निकाली और अश्लील शब्दों का प्रयोग किया और जान से मारने की धमकी दी। इस घटना के बाद नोखा शहर के स्वर्णकार समाज में भारी आक्रोश है।

You might also like