फंदे पर लटकी मिली थी लाश, तीन महीने बाद पत्नी-बेटी समेत तीन पर हत्या का आरोप
निसं
जयपुर (नवयत्न)। शिवदासपुरा थाना क्षेत्र में तीन महीने पहले कमरे में फंदे से शव लटके मिलने के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक की बहन की शिकायत पर पुलिस ने उसकी पत्नी, बेटी और साले के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। बहन ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान कालू स्वामी के सिर पर हमला कर उसे घायल किया गया और बाद में हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटकाया गया। साक्ष्य मिटाने के लिए खून से सने कपड़े जलाने और फर्श साफ करने का भी आरोप लगाया गया है। थानाधिकारी राजेश गौतम ने बताया कि बीलवा निवासी कालू स्वामी की करीब तीन महीने पहले मौत हुई थी। अब दिल्ली बाइपास निवासी उसकी बहन ममता शर्मा ने न्यायालय के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार कालू अपनी पत्नी अनिता, बेटी चंचल और साले गजानंद के साथ रहता था। बेटी के व्यवहार को लेकर उसे टोकने पर घर में विवाद रहता था।
सिर पर कूकर से वार का आरोप
ममता ने रिपोर्ट में बताया कि 12 जून को बेटी चंचल को लेकर कालू और अनिता के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि अनिता ने कालू के सिर पर कूकर से वार किया। घायल कालू ने फ्लैट मालिक गोविन्द को फोन कर अस्पताल ले जाने के लिए बुलाया। रात करीब 9 बजे उसका भाई संजय भी पहुंचा तो कालू खून से लथपथ मिला। उसके सिर के पिछले हिस्से से खून निकल रहा था और वह तौलिए से सिर दबाए हुए था। मौके पर पत्नी, बेटी और फ्लैट मालिक मौजूद थे। बाद में साला गजानंद भी पहुंच गया। समझाइश के बाद सभी चले गए। रिपोर्ट के अनुसार रात करीब 11 बजे गजानंद ने फोन कर बताया कि कालू ने फंदा लगा लिया है और गेट अंदर से बंद है। संजय मौके पर पहुंचा तो पत्नी, बेटी और साला बाहर बैठे मिले। पहली मंजिल पर पहुंचकर संजय ने गेट को धक्का दिया तो वह आसानी से खुल गया। अंदर चादर के फंदे से कालू का शव लटका था, लेकिन पैर जमीन पर टिके हुए थे। बहन का आरोप है कि गले पर फंदे का निशान नहीं था और रस्सी मुंह पर बंधी हुई थी। कालू को नीचे उतारकर आरयूएचएस अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि हत्या के बाद शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया। कालू के मोबाइल से फोटो-वीडियो डिलीट करने, फेसबुक पर सिर से बहते खून की डाली गई फोटो हटाने, कमरे में बिखरा खून साफ करने और खून से सने कपड़े जलाने के भी आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में पोस्टमार्टम पहले ही कराया जा चुका है और पुलिस मर्ग की जांच भी कर रही थी।