नहरी पानी की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे नोखावासी, विकास मंच ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। नोखा शहर में नहरी पानी की आपूर्ति शुरू करवाने की मांग को लेकर मंगलवार सुबह विकास मंच के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कस्बेवासी सड़कों पर उतरे। संतोषी चौक से सैकड़ों लोग रैली के रूप में रवाना होकर उपखंड अधिकारी कार्यालय पहुंचे, जहां जिला कलेक्टर बीकानेर के नाम उपखंड अधिकारी प्रिया बजाज को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कहा गया कि नोखा शहर में पीने के पानी की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने के कारण घरों में पानी की सप्लाई लगभग बंद पड़ी है। वहीं, नोखा शहर में घर-घर नहरी पानी सप्लाई की योजना के तहत आवश्यक कार्य पूरे हो चुके हैं और नोखा के हिस्से का पानी भी तय हो चुका है। इसके बावजूद शहर में नहरी जलापूर्ति शुरू नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
तीन बिंदुओं पर तत्काल कार्रवाई की मांग
विकास मंच ने नहरी पानी की आपूर्ति शुरू करवाने के लिए प्रशासन के समक्ष तीन प्रमुख मांगें रखीं। पहली मांग में भामटसर में नोखा शहर के पानी के लिए बनाए गए पंप हाउस में विद्युत कनेक्शन के लिए पीएचईडी विभाग को भेजे गए 45 लाख रुपये के डिमांड को तत्काल जमा करवाकर बिजली कनेक्शन करवाने की मांग की गई। दूसरी मांग में आईजीएनपी से नोखा शहर के हिस्से के पानी की सप्लाई अविलंब सुनिश्चित करवाने की बात कही गई। तीसरी मांग में नोखा शहर की पाइपलाइन को मुख्य लाइन से जोड़ने के लिए आईजीएनपी से शटडाउन दिलवाने की मांग की गई, ताकि कनेक्शन का कार्य पूरा कर नहरी पानी शहर तक पहुंचाया जा सके।
28 अक्टूबर तक कार्रवाई, नहीं तो आमरण अनशन
ज्ञापन में प्रशासन से इन तीनों बिंदुओं का निस्तारण 28 अक्टूबर 2026 तक करवाकर नोखा शहर में नहरी पानी की आपूर्ति शुरू करवाने की मांग की गई है। विकास मंच ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय तक कार्रवाई नहीं हुई तो 29 अक्टूबर 2026 से उपखंड कार्यालय नोखा के सामने आमरण अनशन शुरू किया जाएगा। ज्ञापन में कहा गया कि शहर की पेयजल समस्या को देखते हुए संबंधित विभागों के बीच समन्वय कर लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करवाया जाए, ताकि नोखावासियों को नहरी पानी की सुविधा मिल सके।ये रहे मौजूद
रैली और ज्ञापन कार्यक्रम में पूर्व संसदीय सचिव कन्हैया लाल झंवर, नगरपालिका अध्यक्ष बजरंग सोनी, नगरपालिका उपाध्यक्ष नारायण झंवर, विकास मंच अध्यक्ष ललित झंवर, डॉ. सीताराम पंचारिया, अंकित तोषनीवाल, सीताराम देहड़ू, जगदीश मांझू, देवकीशन चांडक, जगदीश भार्गव, महावीर तापड़िया, राकेश पिंचा सहित बड़ी संख्या में कस्बेवासी मौजूद रहे।
क्या है मामला और आखिर क्यों निकाय चुनाव के बाद अचानक उठा मामला
नोखा क्षेत्र मे पानी की किल्लत को लेकर राज्य सरकार ने क्षेत्र मे नहरी पानी की योजना लाई जिसके तहत नोखा शहर मे नहरी पानी की सप्लाई को लेकर कस्बे मे पानी की लाइने बिछा दी गईं। लेकिन पानी की सप्लाई शुरू नहीं हुई। निकाय चुनाव मे अनेक मंचों से भाजपा के पूर्व विधायक और प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष बिहारी लाल बिश्नोई ने निकाय चुनाव मे जनता से वादा किया की अगर भाजपा का नोखा मे बोर्ड बनता है तो दो महीनों मे शहर मे नहरी पेयजल घरों तक पंहुचा दिया जायेगा। लेकिन उनका ये चुनावी वादा जनता के बिच कोई जादू नहीं दिखा पाया और भाजपा मात्र 13 सीटों पर सिमट गईं। ऐसे मे स्थानीय विकास मंच ने नहरी पेयजल की योजना को लेकर जनता मे ये मैसेज देना चाहती है की नोखा को नहरी पेयजल से भाजपा वंचित रख रही है और जिसको लेकर मंगलवार को विकास मंच ने भारी संख्या मे लोगो को लेकर नहरी पानी की मांग पर नोखा उपखण्ड अधिकारी प्रिया बजाज को जिला कलेक्टर के नाम से ज्ञापन दिया और एक महीने में नहरी पानी घरो तक नहीं पहुंचने पर धरना और आमरण आनसण की चेतावनी प्रशासन को देख दी।