प्रवासी राजस्थानी मीट में जाखल के रामजीलाल मूंड सम्मानित
निसं
बुगाला (नवयत्न)। जाखल निवासी एवं असम प्रवासी भामाशाह रामजीलाल मूंड को गुवाहाटी में आयोजित प्रवासी राजस्थानी मीट में सम्मानित किया गया। राजस्थान फाउंडेशन नॉर्थ ईस्ट चैप्टर की ओर से आयोजित कार्यक्रम में राजस्थान से बाहर रहकर समाजसेवा और जनहित के कार्यों में योगदान देने वाले प्रवासी राजस्थानियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य, युवा एवं खेल तथा कौशल विकास राज्यमंत्री के.के. विश्नोई सहित जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान जाखल के मूल निवासी और वर्तमान में डिफू, असम में रह रहे रामजीलाल मूंड को सामाजिक सरोकारों एवं जनसेवा में योगदान के लिए शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। रामजीलाल मूंड लंबे समय से असम में रह रहे हैं, लेकिन अपनी जन्मभूमि और राजस्थान से उनका जुड़ाव बना हुआ है। शिक्षा, स्वास्थ्य, गौसेवा, धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों में उनके सहयोग को देखते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रवासी राजस्थानियों के प्रदेश से जुड़ाव और सामाजिक दायित्वों को लेकर भी चर्चा हुई। सम्मान मिलने पर गोशाला अध्यक्ष प्रताप सिंह मूंड, सुरेंद्र पारीक, संजय मीणा, डॉ. श्रवण सिंह सहित क्षेत्र के लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।