शहर में दूषित पेयजल आपूर्ति की समस्या, नगरपालिका चेयरपर्सन ने सौंपा ज्ञापन

अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न)। शहर में पिछले कई दिनों से दूषित पेयजल आपूर्ति की समस्या को लेकर नगरपालिका चेयरपर्सन परवीन नौशाद सिसोदिया के नेतृत्व में जलदाय विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में बताया गया कि लाडनूं शहर में कई दिनों से नलों में मटमैला, दुर्गंधयुक्त एवं पीने योग्य पानी नहीं आ रहा है। इससे आमजन के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। दूषित पानी के सेवन से उल्टी-दस्त सहित अन्य जलजनित बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। ज्ञापन में बताया गया कि शहर के कई वार्डों में पाइपलाइन लीकेज एवं सीवरेज का पानी पेयजल में मिलने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। वहीं कई क्षेत्रों में अत्यंत कम दबाव से पानी की आपूर्ति होने के कारण भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आमजन द्वारा इस संबंध में कई बार मौखिक शिकायतें किए जाने के बावजूद अभी तक ठोस कार्रवाई नहीं होने की बात कही गई।
तत्काल कार्रवाई की मांग
नगरपालिका चेयरपर्सन और पार्षदों की टीम की ओर से जलदाय विभाग से मांग की गई कि शहर की पेयजल व्यवस्था को गंभीरता से लेते हुए पाइपलाइनों की तत्काल जांच, लीकेज की मरम्मत तथा पानी की टंकियों की सफाई करवाई जाए। साथ ही शहरवासियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध करवाया जाए। यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आमजन के स्वास्थ्य को देखते हुए जनहित में बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी भी दी गई है।

You might also like