नामांकन प्रक्रिया शुरू, पहले दिन जिला परिषद के 2 प्रत्याशियों ने भरे 4 फॉर्म
अशोक राईका
झुंझुनूं (नवयत्न)। पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत जिला परिषद और जिले की 6 पंचायत समितियों के सदस्य पदों के लिए मंगलवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। पहले दिन जिला परिषद के 2 प्रत्याशियों ने 4 नामांकन पत्र दाखिल किए। चिड़ावा पंचायत समिति में 4, सूरजगढ़ में 1 और सिंघाना में 1 प्रत्याशी ने नामांकन प्रस्तुत किया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने बताया कि नामांकन 16 अक्टूबर तक सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक दाखिल किए जा सकेंगे। सार्वजनिक अवकाश के दिन नामांकन नहीं होंगे। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 17 अक्टूबर को होगी, जबकि 19 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के तुरंत बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे और चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की सूची जारी की जाएगी।