जूडो में हिमांशी ने जीता गोल्ड, सलोनी, आरती व प्रीति ने सिल्वर मेडल

कृष्ण कुमार गांधी
सूरजगढ़ (नवयत्न)। आरकेजेके बरासिया पीजी महाविद्यालय, सूरजगढ़ की छात्राओं ने अंतर महाविद्यालय जूडो प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता का आयोजन पंडित दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी विश्वविद्यालय, सीकर की ओर से राजस्थान ग्रामीण पीजी कॉलेज, थोई में किया गया। प्रतियोगिता में हिमांशी जांगिड़ ने 63 किलोग्राम भार वर्ग में गोल्ड मेडल जीता। वहीं सलोनी ने 57 किलोग्राम, आरती ने 48 किलोग्राम और प्रीति ने 52 किलोग्राम भार वर्ग में सिल्वर मेडल हासिल किया। हिमांशी जांगिड़ का साउथ वेस्ट जोन अंतर विश्वविद्यालय जूडो प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। वह आगामी प्रतियोगिता में शेखावाटी विश्वविद्यालय, सीकर का प्रतिनिधित्व करेगी। इस उपलब्धि पर सोमवार को महाविद्यालय परिसर में विजेता छात्राओं और कोच राहुल नायक का सम्मान किया गया। संयुक्त सचिव जया पाठक, प्राचार्य डॉ. रवि शर्मा, इंचार्ज दिव्यांशु शर्मा, करतार सिंह सहित स्टाफ सदस्यों ने विजेताओं का माल्यार्पण कर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया। महाविद्यालय परिवार ने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

You might also like