राष्ट्रीय सेवा योजना के तीन दिवसीय अभिविन्यास कार्यक्रम का शुभारंभ

निसं
बीदासर (नवयत्न)। श्री सांवरलाल सुशीला देवी सुथार राजकीय महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना के तीन दिवसीय अभिविन्यास कार्यक्रम का बुधवार को शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ देवी प्रसाद ने की। कार्यक्रम अधिकारी दिनेश कुमार ने स्वयंसेवकों को एनएसएस के उद्देश्य, गतिविधियों और कर्तव्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एनएसएस का आदर्श वाक्य मैं नहीं, बल्कि आप है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा भावना, सामाजिक जिम्मेदारी और सामुदायिक सहभागिता विकसित करना है। उन्होंने कहा कि स्वयंसेवकों को समाज में सकारात्मक बदलाव लाने, स्वच्छता को बढ़ावा देने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। कार्यक्रम के बाद स्वयंसेवकों ने महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान प्लास्टिक कचरा एकत्रित किया और परिसर में लगे पौधों को पानी दिया। प्राचार्य डॉ देवी प्रसाद ने विद्यार्थियों को सेवा कार्यों में नियमित भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। अभिविन्यास कार्यक्रम 14 से 16 अक्टूबर तक आयोजित होगा। इसमें स्वयंसेवकों को सामाजिक सेवा और सामुदायिक विकास से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी दी जाएगी।

You might also like