नशा मुक्ति पर वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित
श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। स्थानीय बागड़ी राजकीय महाविद्यालय में नई किरण नशामुक्ति केंद्र के तत्वावधान में नशामुक्त जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता पैदा करना तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए युवाओं को प्रेरित करना था। प्रतियोगिता में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने नशे के दुष्परिणामों, युवा पीढ़ी पर इसके प्रभाव, नशे की रोकथाम में परिवार एवं समाज की भूमिका तथा नशामुक्त भारत के निर्माण में युवाओं के योगदान जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों ने पक्ष-विपक्ष में तर्कपूर्ण ढंग से विचार रखते हुए नशे की समस्या के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के माध्यम से महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रणवीर सिंह ने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्यए परिवार की खुशहाली और समाज के विकास में बाधक है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया। नई किरण नशामुक्ति केंद्र के प्रभारी सहिराम बिश्नोई ने विद्यार्थियों को शिक्षा, खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं से अपने परिवार और समाज में नशे के प्रति जागरूकता फैलाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।