महिला मतदाता जागरूकता एवं डमी चुनाव कार्यक्रम आयोजित
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न)। मतदाता जागरूकता अभियान के तहत स्वीप गतिविधि के अंतर्गत उपखंड अधिकारी ममता लहुआ के निर्देशन में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय साँवराद में महिला मतदाता जागरूकता कार्यक्रम एवं डमी चुनाव का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ईएलसी प्रभारी मधुसूदन रांकावत के मार्गदर्शन में हुआ। उन्होंने युवाओं को लोकतंत्र में मतदान के महत्व के बारे में बताया। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया फॉर्म 6 तथा वोटर हेल्पलाइन ऐप्प की उपयोगिता के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। विशेष रूप से महिला मतदाताओं की लोकतंत्र में शत प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। इसके पश्चात विद्यालय में एक आदर्श मतदान केंद्र तैयार कर डमी चुनाव प्रायोगिक मतदान का आयोजन किया गया। इसमें मतदाताओं ने पहचान पत्र सत्यापन उंगली पर अमिट स्याही लगवाने तथा मतदान प्रक्रिया का प्रत्यक्ष एवं अभ्यास किया। विद्यालय प्रधानाचार्य चंद्र सिंह ने कहा कि सशक्त लोकतंत्र हेतु महिलाओं की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है डमी चुनाव जैसी गतिविधियों से पहली बार वोट देने वाले युवाओं और महिला मतदाताओं में मतदान को लेकर जागरूकता और आत्मविश्वास बढ़ता है। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों को निष्पक्ष निर्भीक एवं अनिवार्य मतदान की शपथ दिलाई गई।