बकाया मुआवजे को लेकर किसान सभा ने सौंपा ज्ञापन
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न)। अखिल भारतीय किसान सभा के बैनर तले किसानों ने एसडीएम ममता लहुआ को ज्ञापन सौंपकर हाईटेंशन ट्रांसमिशन लाइन से प्रभावित किसानों को बकाया मुआवजा दिलाने तथा फसल बीमा क्लेम जारी करने की मांग उठाई। किसानों ने मांगों का शीघ्र समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
ज्ञापन में बताया गया कि भड़ला से सीकर जा रही हाईटेंशन ट्रांसमिशन लाइन फेज-3 का लाडनूं तहसील क्षेत्र में निर्माण कार्य पूरा हुए आठ माह से अधिक समय बीत चुका है। इसके बावजूद लाइन के कॉरिडोर में आने वाली जमीन और फसलों का मुआवजा किसानों को अब तक नहीं मिला है। किसान सभा ने वर्ष 2022-23 की रबी फसल का बकाया मुआवजा एवं बीमा क्लेम तत्काल जारी करने, खरीफ फसल खराबे से प्रभावित किसानों को मुआवजा और बीमा क्लेम दिलवाने की मांग भी रखी है।
किसानों ने आंदोलन की चेतावनी दी
किसानों ने कहा कि मुआवजे में लगातार हो रही देरी से लाडनूं तहसील के किसानों में पावर ग्रिड कंपनी और सरकार के प्रति भारी रोष है। प्रभावित किसानों को उनके नुकसान की भरपाई जल्द से जल्द की जानी चाहिए। यदि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो उन्हें आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा। इस दौरान किसान सभा अध्यक्ष भंवरलाल सारण, सचिव मदनलाल बेरा, शिव भगवान, मदनलाल कासनियां, रूपाराम गोरा, जगदीश, दुर्गाराम खीचड़ सहित अन्य किसान मौजूद रहे।