पंचायती राज चुनाव : 1395 मतदान अधिकारियों को दिया प्रशिक्षण

सुरेन्द्र शर्मा
झुंझुनू (नवयत्न)। पंचायती राज चुनाव की तैयारियों के तहत गुरुवार को आरआर मोरारका कॉलेज व शहीद कर्नल जेपी जानू स्कूल में पीठासीन अधिकारियों का प्रथम प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें 1395 अधिकारियों एवं कार्मिकों ने भाग लिया। प्रशिक्षण में जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ अरुण कुमार गर्ग व पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर ने मतदान अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया, उनकी जिम्मेदारियों और चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ गर्ग ने कहा कि पंचायत चुनाव लोकतंत्र की सबसे निचली इकाई को मजबूत करने का माध्यम हैं। इसमें मतदान दलों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्मिकों से बिना किसी भय या दबाव के निष्पक्ष एवं स्वतंत्र चुनाव संपन्न करवाने का आह्वान किया। प्रशिक्षण के दौरान मतदान से पहले की तैयारियों, मतदान प्रक्रिया और फील्ड में आने वाली संभावित समस्याओं के समाधान की जानकारी दी गई। मतदान अधिकारियों को ईवीएम का हैंड्स-ऑन अभ्यास करवाने के साथ इंटरैक्टिव सत्र के माध्यम से प्रशिक्षित किया गया। इस दौरान प्रशिक्षण प्रकोष्ठ प्रभारी रामनिवास, सह प्रभारी अरविंद ओला सहित मास्टर ट्रेनर उपस्थित रहे।

You might also like