अर्जेंट कॉल के बहाने ऑटो चालक का मोबाइल चुराया : ऑनलाइन ऐप से निकाले 9300 रुपए

निसं
जयपुर (नवयत्न)। जवाहर सर्किल थाना इलाके में परिवार को अर्जेंट कॉल करने के बहाने एक शातिर ऑटो चालक का मोबाइल चुराकर ऑनलाइन भुगतान ऐप के जरिए 9,300 रुपए निकाल ले गया। पीड़ित ने गुरुवार दोपहर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाधिकारी महेश चंद ने बताया कि हसनपुरा की कांता कॉलोनी निवासी जोन पोल 54 ऑटोरिक्शा चलाते हैं। वह सवारी की तलाश में दुर्गापुरा स्थित फर्न होटल के पास पहुंचे थे। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ा एक व्यक्ति उनके पास आया और खुद का मोबाइल खराब होने की बात कहकर परिवार को अर्जेंट कॉल करने के लिए मोबाइल मांगा। जोन पोल ने उसे बात करने के लिए मोबाइल दे दिया। इस पर आरोपी ने ऑटोरिक्शा साइड में लगाने को कहा। पीड़ित जैसे ही ऑटो सड़क किनारे खड़ा करने लगाए आरोपी पीछे से मोबाइल लेकर फरार हो गया। बाद में आरोपी ने चोरी किए गए मोबाइल में मौजूद ऑनलाइन भुगतान ऐप के जरिए पीड़ित के खाते से 9,300 रुपए निकाल लिए। पीड़ित ने नया सिम कार्ड लेकर मोबाइल चालू किया, तब उसे बैंक खाते से रुपए निकलने का पता चला। ठगी का पता चलने पर उसने जवाहर सर्किल थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस आरोपी की तलाश और मामले की जांच में जुटी है।

You might also like