ई-मित्र दुकान से 2.18 लाख रुपए चुराने वाला गिरफ्तार
निसं
जयपुर (नवयत्न)। मालपुरा गेट थाना पुलिस ने ई-मित्र और कियोस्क की दुकान का ताला तोडक़र 2 लाख 18 हजार रुपए चोरी करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की रकम से खरीदी गई नई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और 63,400 रुपए नकद बरामद किए हैं। आरोपी दिन में दुकानों की रेकी कर मौका मिलते ही वारदात को अंजाम देता था। पुलिस उससे अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस उपायुक्त पूर्व रंजीता शर्मा ने बताया कि मालपुरा गेट थाना पुलिस ने ई-मित्र और कियोस्क की दुकान का ताला तोडक़र 2 लाख 18 हजार रुपए चोरी करने वाले आरोपित सतीश कुमार मीणा उर्फ निक्की मीणा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से बड़ी पट्टी, बड़ा दरवाजा, बामनवास, सवाई माधोपुर का रहने वाला है और वर्तमान में प्रेम नगर, जगतपुरा में किराए पर रह रहा था। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दिन के समय कियोस्क और ई-मित्र दुकानों की रेकी करता था। मौका मिलने पर ताले तोडक़र नकदी चुरा लेता था।
चोरी की रकम का इस्तेमाल वह अपने महंगे शौक और नशे की पूर्ति के लिए करता था। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के रुपयों से खरीदी गई 98 हजार 800 रुपए कीमत की नई स्पेलेंडर मोटरसाइकिल और 63 हजार 400 रुपए नकद बरामद किए हैं। कार्रवाई में कांस्टेबल कर्ण सिंह और विजयभान की विशेष भूमिका रही। मालपुरा गेट थानाधिकारी सुभाष चंद्र ने बताया कि परिवादी रामस्वरूप यादव निवासी सेवापुरा, चाकसू और हाल निवासी महावीर कॉलोनी ई, गोवर्धन नगर, सांगानेर ने 27 अक्टूबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी दुकान पर यादव स्टूडियो और बैंक ऑफ बड़ौदा का ग्राहक सेवा केंद्र संचालित है।
परिवार दुकान के ऊपर ही रहता है। 26 अक्टूबर को दोपहर वह दुकान पर ताला लगाकर परिवार के साथ खाना खाने ऊपर चला गया था। कुछ देर बाद वापस लौटा तो दुकान के एल्युमिनियम गेट और गल्ले का ताला टूटा मिला। गल्ले की दराज में रखे पांच लाख रुपए में से 2 लाख 18 हजार रुपए गायब थे। दुकान के सीसीटीवी कैमरों में दोपहर करीब 2:25 बजे एक युवक गल्ले का ताला तोडक़र नकदी चुराता दिखाई दिया। इस वारदात की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपी के आने-जाने का रूट मैप तैयार किया। तकनीकी अनुसंधान और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने धर-दबोचा।