मनरेगा: चूरू जिले में सबसे कम श्रमिकों को दिया जा रहा रोजगार: सहारण
राज्य सरकार को लिखा पत्र
चूरू,(पीयूष शर्मा)20 मई। पूर्व जिला प्रमुख हरलाल सहारण ने राज्य सरकार से चूरू जिले में अधिकाधिक लोगों को मनरेगा के तहत रोजगार मुहैया करवाने की मांग की।
सहारण ने राज्य सरकार को ज्ञापन प्रेषित कर कहा कि केंद्र सरकार किसानों के लिए हर संभव मदद कर रही है। जबकि राजस्थान मेंचूरू जिले में मनरेगा के तहत सबसे कम श्रमिकों को रोजगार दिया जा रहा हैं। वर्तमान कोरोना संकट के समय गांवों में रोजगार की समस्या बढ़ गई है। इसके लिए सरकार त्वरित कार्रवाई कर मनरेगा के तहत अधिकाधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध करवाए। राज्य सरकार किसानों का प्रधानमंत्री बीमा योजना का बकाया चल रहा लगभग 468 करोड़ रुपए का राज्यांश तत्काल जारी करे। राज्य के कृषि मंत्री लालचंद कटारिया को पत्र लिखकर इस बारे में शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की। इसके अलावा कलक्टर से गत दो सप्ताह में देश के अनेक प्रांतों से आए करीब 20 हजार श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध करवाने की मांग की। इसी क्रम में जिला आईटी संयोजक रमेश शर्मा ने मनरेगा के तहत 40 हजार करोड़ रुपए जारी करने के लिए केंद्र सरकार का आभार जताया।